Site icon hindi.revoi.in

मुंबई हवाई अड्डे पर बड़ा हादसा टला : दो विमानों के दाहिने विंग के सिरे एक-दूसरे को छू गए

Social Share

मुंबई, 3 फरवरी। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार की रात बड़ा विमान हादसा होने से बच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एयरफील्ड पर टैक्सी करते समय दो विमानों के – एअर इंडिया की फ्लाइट AI2732 और इंडिगो के एक लैंड करने वाले एयरक्राफ्ट – दाहिने पंख के सिरे एक-दूसरे से छू गए। घटना के समय दोनों विमानों में यात्री सवार थे।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एक बयान में कहा कि एअर इंडिया की AI2732 फ्लाइट C1 से M4 की ओर जाने के लिए टैक्सी (विमान के टेक-ऑफ से पहले या लैंडिंग के बाद जमीन पर धीरे-धीरे चलना) कर रही थी, तभी इंडिगो की आने वाली फ्लाइट B1 से जुड़ने के लिए टैक्सी कर रही थी। इस दौरान, दोनों विमानों के दाहिने विंग के सिरे एक-दूसरे को छू गए।

बयान में कहा गया है कि इस घटना के समय दोनों विमान रनवे पर चल रहे थे और उन्हें तुरंत गहन जांच के लिए अपने-अपने बाड़े में वापस भेज दिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं, घटना के बाद DGCA के अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे।

घटना पर एअर इंडिया का बयान

इस घटना को लेकर एअर इंडिया ने भी एक आधिकारिक बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि तीन फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर (तमिलनाडु) जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI-2732 में देरी से उड़ान भर सकी क्योंकि रनवे पर टैक्सी कर रहा विमान एक अन्य एयरलाइन के विमान के संपर्क में आ गया।

बयान में कहा गया कि दोनों विमानों के विंग्स के सिरे आपस में टकराए। इससे एअर इंडिया के विमान के विंग को नुकसान पहुंचा। तकनीकी जांच के लिए विमान को खड़ा कर दिया गया है। एयरलाइन ने बताया कि घटना के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।

Exit mobile version