Site icon hindi.revoi.in

महाराष्ट्र चुनाव : भाजपा ने जारी की 99 उम्मीदवारों की लिस्ट, फडणवीस को नागपुर दक्षिण पश्चिम से टिकट

Social Share

मुंबई, 20 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रविवार को 99 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व पार्टी मुख्यालय के प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी सूची के अनुसार उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नागपुर दक्षिण-पश्चिम और पार्टी प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को कामठी विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है।

प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी सीट से लड़ेंगे

उल्लेखनीय है कि नागपुर दक्षिण पश्चिम सीट 2008 के पहले अस्तित्व में नहीं थी। फडणवीस यहां से 2009 से लेकर 2019 तक के चुनाव में जीतते आ रहे हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखऱ बावनकुले कामठी से चुनाव लड़ेंगे, जिसका प्रतिनिधित्व फिलहाल पार्टी के ही टेकचंद सावरकर कर रहे हैं। हालांकि बावनकुले भी इस सीट पर तीन बार चुनाव जीत चुके हैं। एक तरह से यह बावनकुले की सुरक्षित सीट भी मानी जा रही है।

पूर्व सीएम चह्वाण की बेटी को भोकर से टिकट, कई मौजूदा विधायक मायूस

उधर, पूर्व सीएम अशोक चह्वाण की बेटी श्रीजया अशोक चह्वा को भी टिकट दिया गया है। वह पिता की पारंपरिक भोकर सीट से चुनाव लड़ेंगी। हालंकि अधिकतर मौजूदा विधायकों को टिकट काट दिया गया है। इनमें कल्याण ईस्ट में गणपत गायकवाड़ का भी टिकट कटा है। वह फायरिंग के आरोपित हैं। गणपत की जगह उनकी पत्नी सुलभा गायकवाड़ को उम्मीदवार बनाया गया है।

महिला प्रत्याशियों के नाम विशेष रूप से उल्लिखित

पार्टी ने अपनी लिस्ट में महिला प्रत्याशियों के नाम विशेष रूप से उल्लिखित किए है। सुलभा और श्रीजया के अलावा चिखली से श्वेता विद्याधर महाले, जिंतूर से मेघना बोर्डिकर, फुलंबरी से अनुराधाताई अतुल चह्वाण, नासिक पश्चिम से सीमाताई महेश गिरे, बेलापुर से मंदा विजय म्हात्रे, दहिसर से मनीषा अशोक चौधरी, गोरेगांव से विद्या जयप्रकाश ठाकुर, पार्वती से माधुरी सतीश मिशाल, शेवगांव से मोनिका राजीव राजले, श्रीगोंडा से प्रतिभा पचपुते, कैज से नमिता मुंदड़ा को टिकट दिया गया है।

पिछले चुनाव में हुआ था भाजपा को 17 का हुआ था सीटों का नुकसान

भाजपा ने 2019 के चुनाव में 152 सीटों पर चुनाव लड़ा था। तब अविभाजित शिवसेना को 124 सीटें दी गई थीं जबकि बाकी 12 सीटें एनडीए के अन्य साझीदारों को मिली थीं। भाजपा ने 2019 में 105 सीटों पर जीत हासिल की थी और उसे 2014 चुनाव के मुकाबले 17 सीटों का नुकसान झेलना पड़ा था। इस बार भी भाजपा 100 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने वाली है। हालांकि अभी महायुति में सीट साझीदारी का फाइनल आंकड़ा नहीं आया है।

Exit mobile version