Site icon Revoi.in

पश्चिम बंगाल में 43 मंत्रियों ने ली शपथ, हिमंत बिस्वा सरमा बने असम के नए मुख्यमंत्री

Social Share

कोलकात/गुवाहाटी, 10 मई। देश के दो राज्यों के राजभवनों में सोमवार को पूर्वाह्न शपथ ग्रहण समारोहों का आयोजन किया गया। कोलकाता में जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 43 मंत्रियों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली तो गुवाहाटी में हिमंत बिस्वा सरमा पहली बार असम के मुख्यमंत्री बने। उनके साथ 13 कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में लगातार तीसरी बार सत्ता में आई तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने गत पांच मई को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ले थी। सोमवार को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ममता के 43 मंत्रियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर ममता भी उपस्थित थीं।

उधर गुवाहाटी में राज्यपाल जगदीश मुखी ने भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता हिमंत बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। हिमंत की कैबिनेट के 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा व पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

हिमंत और उनके मंत्रियों के शपथ समारोह में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव देव, मेघायल के मुख्यमंत्री सी. संगमा, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह और नागालैंड के मुख्यमंत्री रियो भी शरीक हुए।

स्मरण रहे कि असम में लगातार दूसरी बार सत्ता में आई भाजपानीत एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री पद को लेकर सर्बानंद सोनोवाल, जो पिछली सरकार में मुख्यमंत्री थे, और जालुकबारी से लगातार पांचवी बार विधायक बने कद्दावर नेता हिमंत बिस्वा के बीच रस्साकशी जारी थी। अंततः एक सप्ताह की माथापच्ची के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने हिमंत के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।

भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की रविवार को गुवाहाटी के लाइब्रेरी ऑडिटोरियम में हुई बैठक के दौरान बिस्वा सरमा को विधायक दल का नेता चुना गया। 52 वर्षीय हिमंत को नेता चुने जाने से पहले सोनोवाल ने राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया था। रविवार शाम को ही हिमंत ने राज्यपाल से भेंट कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था।