Site icon hindi.revoi.in

पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर ED का छापा, चंडीगढ़ से दिल्ली-NCR तक रेड

Social Share

चंडीगढ़, 9 मई। प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) ने शनिवार को पंजाब के उद्योग एवं बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों के करीब आठ वाहन आवास के बाहर खड़े दिखाई दिए। संजीव अरोड़ा के घर पर यह ईडी की तीसरी रेड है। इससे पहले 17 अप्रैल को ईडी ने कथित विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले की जांच के तहत अरोड़ा से जुड़े कई घरों और कार्यस्थलों पर छापेमारी की थी। गौरतलब है कि यह कार्रवाई खरड़ के वेस्टर्न टावर्स में कथित संपर्क एजेंट नितिन गोहल के आवास पर हुई ईडी की छापेमारी के बाद सामने आई है।

वहीं, छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि “आज फिर से भाजपा की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार उनके घर भाजपा की ईडी आई है और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है, औरंगज़ेब भी इसे नहीं झुका सका था। यह भगत सिंह की धरती है, जो अंग्रेजों के आगे कभी भी नहीं झुके, तो मोदी की चालों के आगे पंजाब कभी भी नहीं झुकेगा। ईडी भाजपा के इस अनैतिक गठजोड़ का अंत पंजाब ही करेगा।

सुरक्षा घेरे में पूरा इलाका

ED रेड के दौरान चंडीगढ़ के सेक्टर-2 इलाके में सुरक्षा बेहद कड़ी रही। मंत्री आवास के आसपास आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया था। सुबह से लेकर देर शाम तक मीडिया और स्थानीय लोगों की भीड़ बाहर जमा रही। अधिकारियों ने किसी को भी परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी। इससे पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई।

Exit mobile version