Site icon Revoi.in

हेमंत सोरेन के खिलाफ दर्ज धनशोधन मामले में ED ने एक और व्यक्ति को किया गिरफ्तार

Social Share

रांची, 16 अप्रैल। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व अन्य के खिलाफ दर्ज धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ईडी ने मामले से कथित तौर पर जुड़े अंतु तिर्की नामक व्यक्ति के खिलाफ रांची में कुछ स्थानों पर छापे भी मारे। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान एक अन्य धनशोधन मामले में न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद अफशार अली के रूप में हुई है और ईडी ने अदालत की अनुमति हासिल करने के बाद नए मामले में उसे हिरासत में लिया है।

अफशार अली पर सोरेन और राजस्व विभाग के पूर्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के खिलाफ दर्ज मामले के मुख्य आरोपी के साथ कथित तौर पर मिलीभगत करके झारखंड में कुछ जमीन हड़पने के लिए “जालसाजी” करने का आरोप है। यह इस मामले में चौथी गिरफ्तारी है।

ईडी ने जनवरी में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता हेमंत सोरेन (48) को गिरफ्तार कर लिया था। वह फिलहाल रांची के होटवार में स्थित बिरसा मुंडा जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। प्रसाद और मोहम्मद सद्दाम हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। सोरेन के खिलाफ जांच रांची में 8.86 एकड़ जमीन से संबंधित है। ईडी ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अवैध रूप से यह जमीन हासिल की थी।