नई दिल्ली, 25 जुलाई। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले जंतर-मंतर पर पिछले लगभग एक माह से चल रहा आंदोलन समाप्त होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने शनिवार शाम दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) खोल दिए। सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद किए गए सभी स्टेशनों पर अब सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया है।
डीएमआरसी ने दी जानकारी
डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खोल दिए गए हैं।’
Service Update
Entry gates of all Metro Stations of the Delhi Metro network are now open.
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) July 25, 2026
पहले तीन स्टेशनों पर बहाल हुई थीं सेवाएं
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन समाप्त होने के बाद डीएमआरसी ने राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास सेवाएं बहाल करने की घोषणा की थी।
18 स्टेशनों पर लगाई गई थी पाबंदी
नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डीएमआरसी ने केंद्रीय दिल्ली के 18 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी थीं।
इन स्टेशनों पर बंद थे एंट्री-एग्जिट गेट
डीएमआरसी की एडवाइजरी के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद किए गए थे। अब इन सभी स्टेशनों पर सामान्य परिचालन बहाल कर दिया गया है।
सरकार और सीजेपी के बीच बनी सहमति
इसके पूर्व सीजेपी ने दोपहर बाद जंतर-मंतर पर चल रहा अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। यह फैसला केंद्र सरकार के साथ तीन दौर की वार्ता के बाद हुआ। नई दिल्ली में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा सीजेपी के प्रतिनिधि सौरव दास और आशुतोष रांका मौजूद रहे। बैठक में सरकार ने प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों को स्वीकार करने पर सहमति जताई।
ये भी पढ़ें
- जेपी नड्डा व जितेंद्र सिंह के साथ बैठक के बाद CJP ने खत्म किया प्रदर्शन, कहा – ‘हमारी सभी मांगें मान ली गईं’
- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CJP में जश्न, संस्थापक अभिजीत बोले- ‘अच्छे-अच्छों के इस्तीफे ले सकते हैं हम’
- CJP आंदोलन के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा, पीएम मोदी को भेजी चिट्ठी
- राहुल गांधी की मोदी सरकार को चेतावनी- ‘धर्मेंद्र प्रधान का तबादला नहीं, बर्खास्तगी चाहिए’
- CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को हुआ टाइफाइड, बोले- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन

