Site icon Revoi.in

दिग्विजय सिंह बोले – जींस व मोबाइल वाली नहीं, 40-50 साल की महिलाएं ही पीएम मोदी से प्रभावित

Social Share

भोपाल, 26 दिसंबर। अपने विवादित बयानों से अक्सर ही सुर्खियों में रहने वाले मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता दिग्विजय सिंह ने नया सोसा उछाल दिया है। अब उनका कहना है कि जींस पहनने वाली और मोबाइल इस्तेमाल करने वाली लड़कियां नहीं, बल्कि 40-50 साल की महिलाएं ही पीएम मोदी से प्रभावित हैं।

बयान का वीडियो वायरल, भाजपा ने जताई नाराजगी

दिग्विजय के यहां तुलसी नगर स्थित नर्मदा मंदिर भवन में आयोजित जन जागरण शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। इस बयान का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहीं नहीं वरन कांग्रेस महासचिव ने सावरकर और हिन्दुत्व को लेकर भी अपनी बात कही है और खुले मंच से भाजपा को घेरा। उनके अब इस बयान से नया विवाद शुरू हो गया है और भाजपा ने इससे लेकर अपनी नाराजगी भी जताई है। उन्होंने बजरंग दल पर भी वार किया।

कांग्रेस नेता ने दी सफाई – भाजपा आईटी सेल ने मेरे भाषण का एक एडिटेड अंश दिखाया

अपने बयानों पर दिग्विजय सिंह ने बाद में सफाई भी दी। उन्होंंने एक ट्वीट में कहा, ‘कॉंग्रेस के जन जागरण अभियान के अंतर्गत भोपाल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मेरा पूरा भाषण सुनें। भाजपा आईटी सेल ने मेरे भाषण का एक एडिटेड अंश दिखा कर मुझे गोहत्या के समर्थक के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया था।

एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय ने लिखा, ‘मैं हिन्दू था हिन्दू हूं और हिन्दू रहूंगा। मैं श्रद्धेय द्वारका और ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य जगदगुरू स्वामी स्वरूपानंद जी महाराज का सन ८२ से दीक्षित शिष्य हूं।’

प्रियंका गांधी ने दिग्विजय को बताई थी यह इंटरेस्टिंग बात

वायरल वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह कह रहे हैं, ‘प्रियंका गांधी ने एक बड़ी इंटरेस्टिंग बात बताई थी, जो हमारे दिमाग में कभी नहीं आई थी। उन्होंने (प्रियंका गांधी) कहा था कि 40 से 50 साल की जो महिलाएं हैं, वो मोदी से थोड़ा ज्यादा प्रभावित हैं। लेकिन लड़कियां जो जींस पहनती हैं और मोबाइल रखती हैं, वो प्रभावित नहीं हैं। इस पर बातचीत करने की आवश्यकता है। मोबाइल पर एक्टिव लड़कियां सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं, इसलिए उन लोगों से आप संपर्क बढ़ाइए।’

सावरकर और बजरंग दल पर भी दिया बयान

दिग्विजय सिंह ने इस सभा में सावरकर पर बयान दिया और कहा, ‘सावरकर ने अपनी किताब में लिखा है कि हिन्दू धर्म का हिन्दुत्व के साथ कोई संबंध नहीं है। गाय ऐसा पशु है, जो खुद के मल में लोट लेती है, वह कहां से हमारी माता हो सकती है, उसके गोमांस खाने में कोई खराबी नहीं है।’

इसके बाद दिग्विजय ने बजरंग दल पर भी वार करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गुंडे बजरंग दल के हैं। कांग्रेस नेता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे बजरंग दल के लोगों को बचाते हैं। इसके साथ उन्होंने मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान पर भी इल्जाम लगाया और कहा कि उनका रेत माफिया का गैंग है।

बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा बोले – मानसिक संतुलन खो चुके हैं दिग्विजय

इस बीच भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा, ‘वह मानसिक संतुलन खो चुके हैं। महिलाओं को लेकर उनकी यह निम्न स्तर की सोच है। वह अब पागलपन के दौर से गुजर रहे हैं। सोनिया गांधी से मैं पूछता हूं कि ऐसे व्यक्ति को पार्टी में रखा ही क्यों है? यह वही दिग्विजय सिंह हैं, जिन्होंने कांग्रेस की ही सांसद रह चुकीं मीनाक्षी नटराजन के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया था। महिलाएं वंदनीय और पूजनीय होती हैं, उनके नाम से राजनीति करना शोभा नहीं देता।’