Site icon hindi.revoi.in

दिग्विजय ने फिर दिया विवादित बयान, पाक पत्रकार से बोले – सत्ता में आए तो आर्टिकल 370 करेंगे बहाल

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 12 जून। गाहे-बगाहे अपने विवादित बयानों से सुर्खियों में रहने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने फिर आफत मोल ले ली है। इस बार उन्होंने एक पाकिस्तानी पत्रकार से बातचीत में कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में वापस आई तो कश्मीर में आर्टिकल 370 की बहाली पर विचार किया जाएगा।

एक कथित वीडियो लीक में सामने आया दिग्विजय का बयान

दिग्गी राजा का यह बयान सोशल मीडिया एप क्लबहाउस के एक कथित वीडियो लीक में सामने आया है। वीडियो में पाकिस्तानी पत्रकार शाहजेब जिलानी ने पूछा कि जब कभी भारत में सत्ता परिवर्तन होता है और मोदी सत्ता से जाते हैं, तो कश्मीर को लेकर भारत की आगे की रणनीति क्या होगी?

धार्मिक कट्टरवाद समाज के लिए सर्वाधिक खतरनाक

पाकिस्तानी पत्रकार के इस सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि समाज के लिए जो चीज सबसे ज्यादा खतरनाक है, वो है धार्मिक कट्टरवाद। चाहे वो हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई किसी भी धर्म से जुड़ा हुआ हो। धार्मिक कट्टरवाद नफरत की तरफ ले जाती है, और नफरत से हिंसा होती है।

दिग्विजय ने आगे कहा, ‘जब कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया गया, तब लोकतांत्रिक मूल्यों का ध्यान नहीं रखा गया। सभी को बंद कर दिया गया। यह अत्यंत दुखद था। इसलिए जब हम सत्ता में वापस आए तो आर्टिकल 370 को वापस लाने के मुद्दे पर फिर से विचार करेंगे।’

भाजपा बोली – यही तो पाकिस्तान चाहता है

दिग्विजय का यह वीडियो लीक होते ही भारतीय जनता पार्टी उनपर हमलावर हो उठी है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी के शीर्ष सहयोगी दिग्विजय सिंह ने एक पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल पर कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में वापस आती है तो वे आर्टिकल 370 की बहाली के फैसले पर पुनर्विचार करेंगे। यही तो पाकिस्तान चाहता है।

कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान गिरिराज सिंह

भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने भी कहा कि कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का संदेश पाकिस्तान तक पहुंचाया कि कांग्रेस कश्मीर को हथियाने में पाकिस्तान की मदद करेगी।

Exit mobile version