Site icon hindi.revoi.in

डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का विरोधियों पर हमला – औरंगजेब का महिमामंडन करने वाले ‘देशद्रोही’ हैं

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

ठाणे, 18 मार्च। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि जो लोग अब भी औरंगजेब की प्रशंसा कर रहे हैं, वे ‘देशद्रोही’ हैं। उन्होंने कहा कि मुगल बादशाह ने राज्य पर कब्जा करने की कोशिश की थी और लोगों पर अनेक अत्याचार किए थे। दूसरी ओर, मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज एक ‘दैवीय शक्ति’ थे, जो वीरता, बलिदान और हिन्दुत्व की भावना के लिए डटे रहे।

शिंदे ने सोमवार रात ‘शिव जयंती’ के अवसर पर ठाणे जिले के डोंबिवली क्षेत्र के घरदा चौक पर शिवाजी महाराज की अश्वावारोही प्रतिमा का अनावरण करने के अवसर पर यह बात कही। छत्रपति शिवाजी महाराज की यह प्रतिमा उनकी विरासत, उनके साहस और नेतृत्व क्षमता के सम्मान में स्थापित की गई है। शिवसेना प्रमुख की यह टिप्पणी ऐसे समय आई जब राज्य के छत्रपति संभाजीनगर जिले में स्थित औरंगजेब की क्रब को हटाने की कुछ दक्षिणपंथी संगठनों की मांग को लेकर बवाल मचा हुआ है।

शिंदे ने यहां शिवाजी की प्रतिमा के अनावरण समारोह में कहा कि शिवाजी महाराज न केवल हिन्दुत्व और भारतीय गौरव के प्रतीक थे, बल्कि वह ‘लोकतंत्र के आविष्कारक’ भी थे। शिवसेना नेता ने महाराष्ट्र के खिलाफ औरंगजेब के अत्याचारों, विशेषकर शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज की हत्या की भी निंदा की।

उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘औरंगजेब महाराष्ट्र पर कब्जा करने आया था, लेकिन उसे शिवाजी महाराज की दिव्य शक्ति का सामना करना पड़ा। जो लोग आज भी औरंगजेब का गुणगान करते हैं, वे देशद्रोही के अलावा और कुछ नहीं हैं। शिव छत्रपति अखंड भारत का गौरव और हिन्दुत्व की हुंकार हैं। शिवाजी महाराज एक दूरदर्शी नेता, युगपुरुष, न्याय के प्रवर्तक और आम लोगों के राजा थे।’

शिंदे ने लोगों से शिवाजी महाराज के कम से कम एक गुण को अपने जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि यही महान मराठा शासक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा महाराष्ट्र के गौरवशाली इतिहास की निरंतर याद दिलाती रहेगी तथा युवाओं और भावी पीढ़ियों को शिवाजी महाराज की वीरता और उनके शासन के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। शिंदे ने कहा कि घरदा चौक अब छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के नाम से जाना जाएगा।

Exit mobile version