Site icon hindi.revoi.in

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जारी किया ‘डिफेंस फोर्सेज विजन 2047 : रोडमैप फॉर फ्यूचर रेडी इंडियन मिलिटरी’

Social Share

नई दिल्ली, 10 मार्च। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को एक महत्वपूर्ण सैन्य विजन दस्तावेज ‘डिफेंस फोर्सेज विजन 2047 : रोडमैप फॉर फ्यूचर रेडी इंडियन मिलिटरी’ जारी किया। यह एक व्यापक योजना दस्तावेज है, जो हेडक्वार्टर इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ की ओर से तैयार किया गया है। इसका मकसद है कि 2047 तक भारतीय सेना को आधुनिक, एकीकृत और तकनीकी रूप से बेहद उन्नत बनाना है। सरकार का मानना है कि ऐसा करके विकसित भारत के सपने को पूरा किया जा सकेगा।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस दस्तावेज में बताया गया है कि बदलते वैश्विक और क्षेत्रीय हालात, नई तकनीक और सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर सेना में रणनीतिक सुधार, क्षमता वृद्धि और संगठनात्मक बदलाव करना जरूरी है। डॉक्यूमेंट के अनुसार भारतीय सेना को भविष्य में एकीकृत, मल्टीडोमेन और बेहद तेज-तर्रार फोर्स बनाया जाएगा। इसका मतलब है कि भारतीय सेना भविष्य के किसी भी खतरे का सामना कर सके, दुश्मनों को रोक सके और देश के बढ़ते रणनीतिक हितों की सुरक्षा कर सके।

मंत्रालय के अनुसार, इस योजना का एक अहम उददेश्य थलसेना, नौसेना और वायुसेना के बीच तालमेल और सहयोग बढ़ाना है। यह इस सैन्य दस्तावेज का एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ भी है। इससे सैन्य योजना बनाने, अभियानों को अंजाम देने और नई क्षमताओं को विकसित करने में मदद मिलेगी।

डिफेंस फोर्सेज विजन 2047 के अहम तथ्य

इसलिए खास है यह विजन डॉक्यूमेंट

डिफेंस फोर्सेज विजन 2047 में कम अवधि, मध्य अवधि और दीर्घ अवधि के लिए लक्ष्य तय किए गए हैं। इन लक्ष्यों के अनुसार सैन्य क्षमताओं का विकास, संस्थागत सुधार और रणनीतिक सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। भविष्य की जटिल सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए दस्तावेज में समग्र राष्ट्रीय दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया है। इसका मतलब है कि सेना की ताकत के साथ कूटनीति, तकनीकी और आर्थिक ताकत को जोड़कर देश की सुरक्षा मजबूत की जाएगी।

इस अवसर पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख ए पी सिंह, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस विजन दस्तावेज का लक्ष्य स्वतंत्रता के 100 साल पूरे होने तक भारतीय सेना को वैश्विक स्तर पर सम्मानित, तकनीकी रूप से उन्नत और युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार करना है।

Exit mobile version