1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. लोकसभा चुनाव : तीसरे चरण का प्रचार थमा, 11 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर 7 मई को वोटिंग
लोकसभा चुनाव : तीसरे चरण का प्रचार थमा, 11 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर 7 मई को वोटिंग

लोकसभा चुनाव : तीसरे चरण का प्रचार थमा, 11 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर 7 मई को वोटिंग

0
Social Share

नई दिल्ली, 5 मई। लोकसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण का प्रचार अभियान रविवार की शाम थम गया। इस चरण के लिए मंगलवार, सात मई को 11 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 93 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी।

अमित शाह, सुप्रिया सुले, दिग्विजय व डिंपल सहित कई दिग्गज मैदान में

तीसरे चरण में गुजरात के गांधी नगर, महाराष्ट्र के बारामती, मध्य प्रदेश के राजगढ़ और यूपी के मैनपुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों पर विशेष नजर रहेगी क्योंकि गांधीनगर में चुनावी मुकाबला भाजपा उम्मीदवार अमित शाह और कांग्रेस कैंडिडेट सोनल पटेल के बीच है। वहीं बारामती में सुनेत्रा पवार और सुप्रिया सुले आमने-सामने हैं। राजगढ़ सीट पर दिग्विजय सिंह और रोडमल नागर, मैनपुरी में डिंपल यादव व जयवीर सिंह के बीच सीधा मुकाबला है।

120 महिलाओं सहित 1300 से ज्यादा उम्मीदवार जोर आजमा रहे

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार तीसरे चरण में करीब 120 महिलाओं समेत 1300 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। बड़े नेताओं में केंद्रीय मंत्री अमित शाह (गांधी नगर), ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), मनसुख मांडविया (पोरबंदर), पुरुषोत्तम रूपाला (राजकोट), प्रह्लाद जोशी (धारवाड़) और एसपी सिंह बघेल (आगरा) शामिल हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (विदिशा) और दिग्विजय सिंह (राजगढ़) भी इस बार लोकसभा चुनाव में ताल ठोक रहे हैं।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (हावेरी) और बदरुद्दीन अजमल (धुबरी) की किस्मत भी सात मई को ही ईवीएम में कैद हो जाएगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के परिवार के कई सदस्य भी इस चरण में चुनाव लड़ रहे हैं।

गुजरात में सूरत छोड़ अन्य सभी 25 सीटों पर एक साथ मतदान

सूरत में भाजपा के निर्विरोध जीतने के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात की अन्य सभी 25 सीटों पर सात मई को मतदान होगा। इसके अलावा महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की 28 सीटों में से शेष 14, छत्तीसगढ़ की सात, मध्य प्रदेश की नौ, बिहार की पांच, असम व पश्चिम बंगाल की चार-चार और गोवा की दोनों सीटों पर भी मतदान होगा। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव की दो सीटों पर भी इसी चरण में वोटिंग होगी। गौरतलब है अनंतनाग-राजौरी सीट पर होने वाला चुनाव अब छठे चरण के लिए टाल दिया गया है।

यूपी की इन सीटों पर कड़ी टक्कर

यूपी की बात करें तो यहां तीसरे फेज में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली में वोटिंग होगी। इस फेज में 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.88 करोड़ मतदाता करेंगे, जिसमें एक करोड़ से अधिक पुरुष मतदाता और 87 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान बाल्मीकि और मुलायम सिंह यादव के परिवार के कई सदस्यों की किस्मत का फैसला होगा।

डिंपल समेत इन नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर

डिंपल यादव मैनपुरी सीट को चुनावी ताल ठोक रही हैं। वहीं, सपा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट को फिर से जीतने को लिए पसीना बहा रहे हैं, जिसे उन्होंने 2014 में जीता था। उधर, बदायूं लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे आदित्य यादव सपा के गढ़ को जीतने की कोशिश करेंगे, जिसका प्रतिनिधित्व 2014 में उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने किया था। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा सीट से हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रहे हैं।

मध्य प्रदेश की 9 सीटों पर वोटिंग

मध्य प्रदेश की नौ सीटों पर भी चुनाव प्रचार थम गया। यहां मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल सीट पर वोटिंग होगी। इस चुनाव में शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और दिग्विजय सिंह के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा। ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना, शिवराज सिंह चौहान विदिशा से चुनावी मैदान में हैं जबकि राजगढ़ से कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 30 से अधिक वर्षों के बाद लोकसभा चुनाव में वापसी की है। उनके प्रतिद्वंद्वी दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code