Site icon hindi.revoi.in

यूपी चुनाव में चवन्नी के बाद अठन्नी की एंट्री, जयंत को योगी के मंत्री ने दिया जवाब

Social Share

लखनऊ, 1 फरवरी। यूपी की राजनीति में अब चवन्नी के बाद अठन्नी की भी एंट्री हो गई है। मेरठ पहुंचे यूपी सरकार के जलशक्ति मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने जयंत चौधरी के चवन्नी वाले बयान पर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल के मुखिया जयंत चौधरी चवन्नी हैं या अठन्नी इसका आंकलन वो खुद करें। चुनाव के बाद उनको एहसास होगा क्योंकि अब तक जितने भी प्रयोग हुए हैं वो सबके सामने हैं। इससे पहले दो लड़कों की जोड़ी का भी प्रयोग हुआ था।

डॉ. महेन्द्र सिंह से जब ये सवाल किया गया कि जयंत चौधरी का कहना है कि वो चवन्नी नहीं हैं कि पलट जाएं, इस पर जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि जयंत चवन्नी हैं या अठन्नी वो खुद ही इसका आंकलन कर लें, मैं उनके बारे में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। जयंत चौधरी को बाद में अहसास होगा क्योंकि अब तक जितने प्रयोग हुए वो सबके सामने हैं। इसके पहले दो लड़कों की जोड़ी का प्रयोग हुआ था, उसका क्या हश्र हुआ जनता जानती है। इसके साथ ही उन्होंने योगी सरकार के कामों की भी तारीफ की और कहा कि हमारी सरकार में गुंडों और दंगाईयों का पलायन हुआ है।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के विधानसभा चुनाव करहल से लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर महेंद्र सिंह ने कहा कि अखिलेश भी कभी पलायन करके आजमगढ़ जाते हैं। जब आजमगढ़ की जनता दौड़ाती है तो इधर की तरफ भागते हैं। उन्हें कहीं पर शरण नहीं मिल रही है। मंत्री ने कहा कि पछुआ चलती है तो फसल पक जाती है पुरवैया चलती है तो फसल नरम हो जाती है और पछुआ हवा भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है।

उन्होंने कहा कि जिनके ज़ुबान पर लगाम नहीं है दस मार्च के बाद इनके दिमाग ठिकाने लग जाएंगे। अगर कोई बदला लेने के बारे में सोचेगा तो योगी जी ने कहा है कि दस मार्च के बाद जिनकी गर्मी है वो सब शान्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि जब काउंटिंग होगी इनके सबके दिमाग ठिकाने हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम चरण आते-आते भाजपा साढ़े तीन सौ पार कर जाएगी। यूपी की जनता ये चुनाव लड़ रही है।

Exit mobile version