Site icon hindi.revoi.in

तमिलनाडु में AIADMK के एक और विधायक का इस्तीफा, इसाकी सुब्बैया ने थामा TVK का दामन

Social Share

चेन्नई, 26 मई। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) के एक और विधायक इसाकी सुब्बैया ने मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा अध्यक्ष जेसी डी प्रभाकर से मुलाकात कर अपना त्यागपत्र सौंप दिया, जिससे पिछले दो दिनों में इस्तीफा देने वाले वह पार्टी के चौथे विधायक बन गए हैं।

अंबासमुद्रम के विधायक ने सचिवालय में विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा पत्र सौंपा। अध्यक्ष ने नियमों के अनुरूप नहीं होने के कारण इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद इसाकी सुब्बैया ने टाइप किया हुआ पत्र तुरंत वापस ले लिया और कुछ ही मिनटों में हस्तलिखित पत्र प्रस्तुत किया, जिसे प्रभाकर ने स्वीकार कर लिया। उसके बाद सुब्बैया आधिकारिक तौर पर सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) में शामिल हो गए।

सुब्बैया ने भी विश्वास मत परीक्षण के दौरान टीवीके सरकार का समर्थन किया था

सुब्बैया उन बागी विधायकों में शामिल हैं, जिन्होंने राज्य के पूर्व मंत्रियों सी.वी. षणमुगम और एस.पी. वेलुमणि का समर्थन किया था और 13 मई को विधानसभा में विश्वास मत परीक्षण के दौरान टीवीके सरकार के पक्ष में मतदान किया था।

 

AIADMK के 3 विधायकों ने सोमवार को छोड़ी थी पार्टी

अन्नाद्रमुक के विधायक मरगथम कुमारवेल, पी. सत्यभामा और एस. जयकुमार विधायक पद से इस्तीफा देने के कुछ ही देर बाद सोमवार शाम को टीवीके में शामिल हो गए थे। पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि आगामी उपचुनाव में पार्टी के ‘सीटी’ चिह्न पर चुनाव लड़ने के लिए इन तीनों को टीवीके का टिकट मिलने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि गत 13 मई को सरकार पर हुए विश्वास मत के दौरान अन्नाद्रमुक के 25 विधायकों ने सरकार के समर्थन में वोट दिया। इसलिए अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी की तरफ से स्पीकर को एक याचिका दी गई, जिसमें इन 25 सदस्यों को दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित करने का आग्रह किया गया। इसी तरह, अन्नाद्रमुक के नाराज विधायकों की तरफ से भी एक पत्र दिया गया, जिसमें पलानीस्वामी का समर्थन करने वाले विधायकों के खिलाफ एक्शन लेने का आग्रह किया गया।

जब ये पत्र स्पीकर के पास विचाराधीन थे, तब अन्नाद्रमुक के तीन बागी विधायकों – मरगथम कुमारवेल (मदुरनथकम चुनाव क्षेत्र), जयकुमार (पेरुंदुरई चुनाव क्षेत्र) और सत्यभामा (धारापुरम चुनाव क्षेत्र) ने विधायक के तौर पर अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद कल रात ही वे पार्टी के महासचिव, एन. आनंद की मौजूदगी में पनायुर में पार्टी के हेडक्वार्टर में आधिकारिक तौर पर टीवीके में शामिल हो गए।

जैसे ही यह मुद्दा देशभर में अहमियत लेने लगा, अंबासमुद्रम चुनाव क्षेत्र के अन्नाद्रमुक विधायक इसाकी सुब्बैया ने भी आज अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया और अपराह्न करीब चार बजे वह पार्टी के पनायुर कार्यालय में एन आनंद की मौजूदगी में टीवीके में शामिल हो गए। इसके साथ ही अन्नाद्रमुक के कुल विधायकों की संख्या 47 से घटकर 43 हो गई है।

Exit mobile version