पीएम मोदी ने ली विपक्ष की चुटकी- नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत सुनने चाहिए, सद्बुद्धि आएगी

नई दिल्ली, 29 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार की शाम भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने विपक्ष की चुटकी लेते हुए कहा कि नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, ताकि उन्हें शायद सद्बुद्धि आए।

विकसित भारत के संकल्प की बातें उन्हें पसंद नहीं आतीं

पीएम मोदी ने कहा, ‘हम सभी भारतीय विकसित भारत का संकल्प लेकर निकले हैं। भाषा, परिवेश, खान-पान और जीवनशैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन हमारा संकल्प एक है और वह संकल्प विकसित भारत के निर्माण का है। हां, लेकिन ऐसी बातें उन्हें पसंद नहीं आतीं, जो विवादों में सत्ता के सपने देखते हैं, भारत को टुकड़ों में देखते हैं और देश की उपलब्धियों पर नाराज फूफा बने घूमते रहते हैं। मैं तो कहूंगा कि ऐसे नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, ताकि उन्हें शायद सद्बुद्धि आए।’

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज का यह आयोजन असम और नॉर्थ-ईस्ट के साथ-साथ भारत की कला और हमारी सामूहिक चेतना का भी उत्सव है। यह भी सुखद है कि भारत रत्न भूपेन हजारिका जी की जन्म शताब्दी का समारोह गुवाहाटी से शुरू हुआ था, लेकिन इसका समापन देश की राजधानी में हो रहा है और इससे पहले महान योद्धा वीर लाचित बरफुकन जी की 400वीं जयंती का भव्य कार्यक्रम भी दिल्ली में आयोजित हुआ था। यह ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की बहुत सुंदर मिसाल है।”

‘भूपेन दा असम के महान संतान थे, लेकिन वे गुजरात के दामाद भी थे’

पीएम मोदी ने कहा, ‘भूपेन दा के प्रति मेरी आत्मीयता एक और वजह से भी विशेष है। वे असम के महान संतान थे, लेकिन वे गुजरात के दामाद थे। मैं भूल नहीं सकता, जब 11 हजार कलाकारों ने एक साथ बिहू प्रस्तुत किया था, तब पूरी दुनिया ने असम की सांस्कृतिक शक्ति को देखा था।’

उषा दीदी का सम्मान भूपेन दा की विरासत और संगीत जगत का सम्मान

उन्होंने असम का आभार जताते हुए कहा, ‘भूपेन हाजरिका जी की स्मृति में हिमंता बिस्वा सरमा सरकार ने एक नया पुरस्कार शुरू किया है और उषा मंगेशकर जी के सम्मान के साथ यह शुरुआत हुई है। उषा दीदी का सम्मान भूपेन दा की विरासत और संगीत जगत का सम्मान है। असम और देश की अनेक पीढ़ियां भूपेन दा और उषा दीदी के गीतों को सुनकर बड़ी हुई है। मुझे पूरा विश्वास है कि आज लता दीदी और आशा दीदी जहां भी होंगी, हमें बहुत आशीर्वाद दे रही होंगी।’

समाज को जोड़ने के लिए संगीत रचते थे भूपेन दा

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भूपेन दा गाते थे, संगीत के सुरों को आत्मा देने के लिए। वे लिखते थे, शब्दों को नया जीवन देने के लिए। वे संगीत रचते थे, समाज को जोड़ने के लिए। मैं मानता हूं कि भूपेन दा ने केवल गीत नहीं लिखे, उन्होंने अपने गीतों में एक युग लिखा।’

उन्होंने कहा, ‘युवा भूपेन हजारिका जी ने एक नए असम और नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया था और आज हम अपनी आंखों से नए भारत का निर्माण होते देख रहे हैं। आज की युवाशक्ति स्टार्टअप बना रही है, अंतरिक्ष में रॉकेट भेज रही है और एग्रीकल्चर, फाइनेंस, स्पोर्ट्स तथा साइंस के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular