लखनऊ, 27 नवंबर, UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से जारी चुनावी घोषणा-पत्र पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ को पीडीए की राजनीति की तरह हवा-हवाई बताते हुए आरोप लगाया कि पार्टी गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों की अनदेखी कर रही है। मायावती ने सपा के चुनावी वादों पर सवाल उठाते हुए इसे ‘धन-मन वादी’ घोषणा-पत्र करार दिया।
राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देकर सपा को घेरा
मायावती ने सपा पर निशाना साधते हुए हाल ही में उत्तर प्रदेश से हुए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए की राजनीति करने वाली सपा ने राज्यसभा चुनाव में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े धनाढ्य व्यक्ति को तरजीह दी। बसपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि ऐसी नीतियों और राजनीतिक फैसलों से प्रदेश में गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ापन और पलायन जैसी गंभीर समस्याएं कैसे दूर होंगी? उन्होंने कहा कि सपा का ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ वास्तव में ‘धन-मन वादी’ अधिक नजर आता है।
धनी और बाहुबलियों को टिकट देने का भी लगाया आरोप
मायावती ने आरोप लगाया कि सपा समाज के अच्छे और जनहित के लिए काम करने वाले लोगों के बजाय धनी तथा बाहुबली व्यक्तियों को चुनाव मैदान में उतारने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की प्राथमिकता देश, समाज और जनता के हितों के बजाय अपने निजी लाभ और स्वार्थ होते हैं। उन्होंने ‘हर हाथ को काम’ और ‘कानून द्वारा कानून का राज’ को बसपा की मूल नीति और सिद्धांत बताया। मायावती के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बसपा की चारों सरकारों के दौरान सर्वसमाज और सर्वजन हितैषी एजेंडे पर काम किया गया।
आरक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर भी साधा निशाना
बसपा प्रमुख ने सपा पर अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण के प्रति विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में जातिवादी द्वेष और दंगों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि जनता जनहित और जनकल्याण से जुड़े मामलों को आसानी से नहीं भूल सकती। मायावती ने सपा के साथ-साथ कांग्रेस और भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सर्वजन हितैषी एजेंडे पर काम करना इन पार्टियों के बूते की बात नहीं है। उन्होंने सपा के चुनावी वादों और घोषणाओं को चुनावी छलावा बताते हुए लोगों से सावधान रहने की अपील की।
अखिलेश यादव ने 2027 चुनाव के लिए जारी किया है ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’
दरअसल, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया था। इसे ‘जन-मन का मेनिफेस्टो’ नाम दिया गया है, जबकि इसका नारा ‘सत्ताईस का संकल्प, पीडीए का प्रण-पत्र’ रखा गया है।
इस घोषणा-पत्र में युवाओं को हर महीने 5,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता, सरकारी नौकरियों में भर्ती और महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये पेंशन देने का वादा किया गया है। इसके अलावा किसानों की कर्जमाफी, फसलों पर कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), पुरानी पेंशन योजना की बहाली और 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। सपा ने 12वीं पास युवाओं को लैपटॉप देने और ग्रामीण विकास पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने का भी वादा किया है। अब चुनावी घोषणा-पत्र सामने आने के बाद बसपा प्रमुख मायावती की तीखी प्रतिक्रिया ने प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी को और तेज कर दिया है।


