कोवलून (हांगकांग), 19 नवम्बर। 24 घंटे पहले उच्च रैकिंग वाली डेनिस स्पर्धी मिआ ब्लिचफेल्ट को चौंकाने वालीं तमिलनाडु की 19 वर्षीय शटलर ने यहां रक्षिता श्री संतोष रामराज ने गुरुवार को जबर्दस्त उलटफेर किया और टोक्यो ओलम्पिक चैम्पियन व दुनिया की चौथे नंबर की चीनी दिग्गज चेन यू फेई के खिलाफ सीधे गेमों में स्तब्धकारी जीत हसिल कर हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह सुरक्षित कर ली।
उधर BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स का टिकट हासिल कर चुके देश के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन और पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने भी विपरीत अंदाज में मिली जीत से अभियान जारी रखा। लेकिन महिला एकल में अश्मिता चालिहा का अभियान थम गया।
सात्विक-चिराग भी क्वार्टर फाइनल में, त्रीसा-गायत्री बाहर
वहीं विश्व नंबर छह सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पुरुष युगल के अंतिम आठ में जगह बना ली, लेकिन महिला युगल में त्रीसा जॉली व गायत्री पुलेला गोपीचंद की जोड़ी आगे बढ़ने में असफल रही।
रक्षिता ने दूसरी सीड यूफेई को 45 मिनट में शिकस्त दी
कोयंबटूरवासी रक्षिता की बात करें तो उन्होंने कोर्ट नंबर दो पर खेले गए दिन के छठे मैच में दूसरी सीड यूफेई को 45 मिनट में 21-18, 24-22 से हराकर अपने अंतरराष्ट्रीय करिअर की यादगार जीत में से एक दर्ज की। विश्व नंबर 47 रक्षिता ने शुरुआती दौर में 20वीं क्रम की ब्लिचफेल्ट का शिकार किया था।
यह मेरे करिअर के सबसे यादगार दिनों में से एक रहेगा – रक्षिता
मैच के बाद रक्षिता ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह मेरे करिअर की अब तक की सबसे बड़ी जीत में से एक है। वह मेरी सबसे बड़ी आदर्श हैं और मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि मैंने उन्हें हरा दिया। यह मेरे बैडमिंटन करिअर के सबसे यादगार दिनों में से एक रहेगा।’
अब 5वीं सीड पोर्नपावी चोचुवोंग से होगी मुलाकात
उन्होंने कहा, ‘मैं बहुत खुश हूं कि उनके खिलाफ मेरा मुकाबला इतना अच्छा रहा। मैंने जो भी शॉट खेले वे शानदार तरीके से काम आए। मैंने किसी भी समय हार नहीं मानी। मैं पूरी तरह सहज थी और अपने सभी शॉट खेल रही थी, जो सफल रहे। मेरा आक्रमण काफी अच्छा रहा, जिससे मुझे फायदा मिला।’ रक्षिता का अगला मुकाबला पांचवीं वरीय थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा।
लक्ष्य ने डेनमार्क के रासमस गेम्के को 38 मिनट में शिकस्त दी
इस बीच शानदार फॉर्म में चल रहे हाइलो ओपन व कुमामोतो मास्टर्स के बाद विश्व टूर पर खिताबी हैट्रिक के लिए तत्पर विश्व नंबर 11 लक्ष्य सेन ने कोर्ट नंबर तीन पर सिर्फ 38 मिनट खर्च किए और डेनमार्क के रासमस गेम्के को 21-11, 21-18 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। 25 वर्षीय लक्ष्य की अब आठवीं वरीयता प्राप्त और 2021 के विश्व चैम्पियन सिंगापुर के लोह कीन यू से होगा।
श्रीकांत को लगातार दूसरे दिन तीन गेमों तक संघर्ष करना पड़ा
वहीं 24 घंटे पूर्व विश्व नंबर 15 जापानी कोकी वातानबे की उम्मीदें ध्वस्त करने वाले किदांबी श्रीकांत को लगातार दूसरे दिन तीन गेमों तक संघर्ष करना पड़ा। लेकिन 33 वर्षीय भारतीय शटलर ने कोर्ट नंबर तीन पर दिन के 10वें व अंतिम मैच में कोरियाई यू ताए बिन के खिलाफ 59 मिनट के संघर्ष के दौरान पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और 12-21, 21-18, 21-14 से जीत हासिल की। श्रीकांत को अब दूसरी सीड थाई स्टार कुनलावुत वितिदसार्न से कड़ी टक्कर मिलेगी।
चालिहा जापानी हिना अकेची को चुनौती नहीं दे सकीं
लेकिन पहले दौर में हमवतन ईश रानी बरुआ के खिलाफ तीन गेमों तक संघर्ष करने वालीं अश्मिता चालिहा का अभियान थम गया। कोर्ट नंबर चार पर खेले गए दिन के पहले मैच में जापानी हिना अकेची ने चालिहा को 32 मिनट में 21-17, 21-12 से शिकस्त दी।
सात्विक-चिराग की आसान जीत
युगल मुकाबलों पर नजर दौड़ाएं तो पांचवे वरीय सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी ने कोर्ट नंबर एक पर नूर मोहम्मद अजरिन अयूब व टैन वी कियोंग की मलेशियाई जोड़ी को 42 मिनट में 21-19, 21-16 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
Rankireddy/Shetty 🇮🇳 take to the court against Azriyn/Tan 🇲🇾.
#BWFWorldTour #HongKongOpen2026 https://t.co/epe5XVesvk
— BWF (@bwfmedia) November 19, 2026
सात्विक व चिराग ने इस वर्ष सिंगापुर और चीन में दो सुपर 750 खिताब जीते हैं। भारतीय जोड़ी अगले दौर में हू के युआन और लिन शियांग यी की चीनी जोड़ी से भिड़ेगी, जिसने काकेरू कुमागाई व हिरोकी निशी की जापानी जोड़ी को 21-19, 21-17 से हराया।
त्रीसा व गायत्री की टीम अमेरिकी जोड़ी से हारी
फिलहाल महिला युगल में विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली व गायत्री पुलेला गोपीचंद की भारतीय जोड़ी को प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। लॉरेन लैम व एलिसन ली की अमेरिकी जोड़ी ने त्रीसा व गायत्री को 22-20, 21-13 से शिकस्त दी।


