शेयर बाजार की सरपट दौड़ : सेंसेक्स 990 अकों की उछाल से फिर 83,000 के पार, निफ्टी 25,500 के ऊपर

मुंबई, 19 नवम्बर। बीते कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट देखने वाले घरेलू शेयर बाजार ने गुरुवार को शुरुआती झिझक के बाद सरपट दौड़ लगाई और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स शानदार बढ़त लेकर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स करीब 990 अंकों की उछाल से जहां एक बार फिर 83,000 के पार जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी 286 अंकों की मजबूती से 25,500 अंक के ऊपर बंद हुआ।

विश्लेषकों का कहना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार लिवाली, कच्चे तेल में स्थिरता के अलावा वाहन, बैंक व दैनिक उपयोग के उत्पाद बनाने वाली कम्पनियों (FMCG) के शेयरों में मजबूती और जिंसों की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। आज बाजार की चाल का उल्लेखनीय पहलू यह रहा कि उतार-चढ़ाव के बजाय दोनों सूचकांक शुरुआती कमजोरी के बाद लगातार चढ़ते ही प्रतीत हुए।

सेंसेक्स 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 989.94 अंक यानी 1.21 प्रतिशत चढ़कर 83,021.75 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती 15 मिनट में पिछले सत्र के मुकाबले 333 अंकों की गिरावट देखने के बाद सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 1,012.06 अंकों की तेजी के साथ 83,043.87 तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर लाभ में रहे तो पांच में कमजोरी रही।

निफ्टी 286.35 अंकों की बढ़त लेकर 25,514.30 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 286.35 अंक यानी 1.14 प्रतिशत चढ़कर 25,514.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी शुरुआती 15 मिनट में पिछले सत्र के मुकाबले 123 अंकों तक जा गिरा था, लेकिन फिर इसने रफ्तार पकड़ी और दिन के निचले स्तर से 409 अंकों की उछाल दिन के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 42 के शेयर बढ़त पर रहे तो आठ में गिरावट दर्ज की गई।

व्यापक यानी अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले मझोली और छोटी कम्पनियों से जुड़े सूचकांकों में भी तेजी रही। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.74 प्रतिशत और मिडकैप 0.46 प्रतिशत चढ़ गया।

निफ्टी ऑटो इंडेक्स 4.40% चढ़ा, IT सेक्टर में गिरावट जारी

सेक्टरवार देखें तो निफ्टी ऑटो इंडेक्स में 4.40 प्रतिशत, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल में 3.2 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी में 2.09 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.29 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.39 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके विपरीत, निफ्टी आईटी इंडेक्स में फिर 1.1 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली।

मारुति सुजुकी के शेयर में सबसे अधिक 7.58 प्रतिशत की तेजी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में मारुति सुजुकी के शेयर में सबसे अधिक 7.58 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा, महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.78 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 4.38 प्रतिशत, हिन्दुस्तान यूनिलीवर 4.22 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 2.12 प्रतिशत और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर 2.11 प्रतिशत चढ़े। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंटरग्लोब एविएशन शामिल हैं।

एफआईआई ने बुधवार को 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 5,866.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। उधर, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.61 प्रतिशत बढ़कर 92.51 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular