माउंट माउंगानुई, 13 नवम्बर। बे ओवल ग्राउंड के अनिश्चित चरित्र वाले विकेट पर शुक्रवार को कीवी पेसर मैट हेनरी (6-27) ने साथी गेंदबाज मैथ्यू फिशर (3-31) संग मिलकर ऐसा कहर बरपाया कि सितारों से सुसज्जित टीम इंडिया की कद्दावर बल्लेबाजी पंक्ति सहम उठी और मेहमानों को अपने एक दिनी क्रिकेट इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पराजय का सामना करना पड़ा। इस क्रम में शुरुआती दोनों मैच गंवाने वाला न्यूजीलैंड चौथे एक दिनी में 244 रनों की भारी भरकम जीत से पांच मैचों की सीरीज में शानदार वापसी करने में सफल हो गया।
New Zealand win the 4th ODI by 244 runs.
We go again for the 5th and final ODI on Sunday with #TeamIndia leading the series 2-1.
Scorecard ▶️ https://t.co/5IIzn3UMi2
#NZvIND https://t.co/a9HZSGxfQK
— BCCI (@BCCI) November 13, 2026
विल यंग के शतकीय प्रहार से न्यूजीलैंड 333 रनों तक जा पहुंचा
न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी के अनुकूल प्रतीत हो रही पिच पर पहले खेलते हुए शतकवीर ओपनर विल यंग के सर्वोच्च निजी स्कोर (125 रन, 108 गेंद, चार छक्के, 14 चौके) की मदद से निर्धारित 50 ओवरों में 333 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। फिलहाल उसी पिच पर, जो दूसरी पारी में सीमिंग नजर आने लगी, भारतीय बल्लेबाजों का टिकना मुश्किल हो गया और 26.4 ओवरों में 89 रनों पर टीम इंडिया का पुलिंदा बंध गया।

रनों (244) के लिहाज से भारत की दूसरी बड़ी हार
देखा जाए तो भारत की रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी पराजय है। इससे पहले श्रीलंका ने 2000 में शारजाह में उसे 245 रनों से हराया था, जब भारतीय पारी अपने अब तक के न्यूनतम स्कोर 54 रनों पर बिखर गई थी। वनडे में यह आठवां अवसर था, जब भारतीय टीम 100 से कम रनों पर आउट हुई। वहीं न्यूजीलैंड की रनों के लिहाज से यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2008 में आयरलैंड को एबेरडीन में 290 रनों से शिकस्त दी थी।
रोहित, विराट व श्रेयस पहले ओवर में खाता खोले बिना लौटे
कठिन लक्ष्य के सामने भारतीय पारी की अप्रत्याशित रूप से हाहाकारी शुरुआत हुई, जब ऋतुराज गायकवाड़ संग पारी शुरू करने वाले रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर पहले ही ओवर में मैट हेनरी के खिलाफ खाता खोले बिना लौट गए। एक दिनी करिअर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हेनरी ने बाद में टीम के सर्वोच्च स्कोरर ईशान किशन (27 रन, 53 गेंद, चार चौके) का शिकार किया और अंत में कुलदीप यादव (एक रन) के बाद गुरनूर बराड़ (दो रन) को निबटाने के साथ पारी खत्म की।
Matt Henry.
💥💥💥 https://t.co/b8p1qRvuCU
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) November 13, 2026
किशन, अक्षर व नमन ही दहाई में पहुंच सके
दरअसल, छठे ओवर में ही गायकवाड़ (पांच) सहित शीर्ष चार बल्लेबाजों के लौटने के बाद किशन, अक्षर पटेल (21 रन, 36 गेंद, तीन चौके) व नमन धीर (21 रन, 24 गेंद, दो छक्के) ही दहाई में पहुंच सके। इनमें किशन व अक्षर ने पांचवें विकेट केलिए 44 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी की। अक्षर को 18वें ओवर में 53 के स्कोर पर फिशर ने लौटाया तो फिर लाइन लग गई।
वनडे में पहली बार कप्तानी कर रहे अय्यर बोले- ‘दोनों पारियों के विकेट में बहुत बड़ा अंतर था’
वनडे में पहली बार भारत की कप्तानी कर रहे अय्यर ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि इसे स्वीकार करना मुश्किल है, लेकिन दोनों पारियों के विकेट में बहुत बड़ा अंतर था। लेकिन हेनरी ने जिस तरह से पहली गेंद से ही सही जगहों पर गेंदबाजी की, उसके लिए वह प्रशंसा के पात्र हैं। न्यूजीलैंड ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, उससे हमें लगा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है। हमने कुछ कैच छोड़े, लेकिन खेल में ऐसा होता है।’
श्रेयस ने कहा, ‘जब हम ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो हमें लगा कि हम आसानी से लक्ष्य हासिल कर लेंगे। लेकिन जिस तरह से गेंद अंदर-बाहर स्विंग हो रही थी, उससे आप यह तय नहीं कर सकते थे कि किस तरह खेलना है। हमारे किसी भी बल्लेबाज ने अपना विकेट ईनाम में नहीं दिया। सभी अच्छी गेंद पर आउट हुए। फिलहाल हमें इस हार को भूलकर यह विश्लेषण करना होगा कि गेंदबाजी और बल्लेबाजी में क्या गलत हुआ। हमने दो मैच जीते हैं और अब हमें नए सिरे से मैदान पर उतरना होगा।’
Will Young with his 5th ODI Century and first against India 🖤🤍
Watch all the action LIVE in NZ on Sky Sport. https://t.co/0PzrqDsOmZ
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) November 13, 2026
यंग ने साइफर्ट व एलेन संग कीं बहुमूल्य साझेदारियां
इसके पूर्व कीवियो ने दमदार बल्लेबाजी की। यंग ने दो जीवनदान का फायदा उठाकर न सिर्फ शतक जड़ा वरन सलामी जोड़ीदार टिम साइफर्ट (58 रन, 48 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) व फिन एलेन (41 रन, 30 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) से भी उन्हें अच्छा साथ मिला। इस क्रम में यंग व साइफर्ट ने पहले विकेट के लिए 73 गेंदों पर 85 रन जोड़े तो फिर यंग व फिन के बीच चौथे विकेट के लिए 66 गेंदों पर तेज 90 रन जुड़ गए।
नमन धीर ने 37वें ओवर में यंग की पारी खत्म की तो कप्तान मिचेल सैंटनर (24 रन, 29 गेंद, दो छक्के, एक चौका), क्रिस्टियान क्लार्क (22 रमन, 22 गेंद, एक छक्का, एक चौका), काइल जैमिसन (19 रन, 21 गेंद, एक चौका) व माइकल ब्रेसवेल (15 रन, एक चौका) के उपयोगी अंशदानों से कीवी टीम 330 के पार जा पहुंची। भारत के लिए अक्षर पटेल (2-39), आकिब नबी (2-59) व गुरनूर बराड़ (2-69) ने आपस में छह विकेट बांटे जबकि अर्शदीप सिंह व नमन धीर को एक-एक सफलता मिली।
अंतिम एक दिनी इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा
उल्लेखनीय है कि भारत ने पांच मैचों की सीरीज के पहले दो मैच जीते थे जबकि तीसरा मैच बारिश के कारण रद कर दिया गया था। पांचवा और अंतिम मैच इसी मैदान पर रविवार को खेला जाएगा। उसके बाद दो टेस्ट मैचों के साथ सीरीज का समापन होगा।


