गोवा में राहुल गांधी ने किया दावा – ‘वोट चोरी के आरोपों पर सरकार मेरे खिलाफ केस दर्ज कराने से डर रही’

पणजी (गोवा), 18 अक्टूबर। मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन की अगुआई कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ज्ञानेश कुमार पर एक बार फिर हमला बोला है।

गोवा के मडगांव में रविवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने सीधे तौर पर चुनाव प्रणाली और देश के शीर्ष नेतृत्व को कटघरे में खड़ा करते हुए दावा किया कि वोट चोरी के उनके आरोपों पर सरकार उनके खिलाफ केस दर्ज कराने से डर रही है।

‘वोट चोरी के आरोप पर क्यों केस दर्ज नहीं करा रहे नरेंद्र मोदी’

मडगांव क्रिकेट क्लब मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘…ज्ञानेश कुमार वोटों की चोरी को लागू करते हैं, अमित शाह इसे संचालित करते हैं, और नरेंद्र मोदी पर्दे के पीछे से इस पूरी योजना को तैयार करते हैं। मैं इस समय 45 से अधिक मानहानि के मामलों का सामना कर रहा हूं – जो मामले अमित शाह, नरेंद्र मोदी और अन्य लोगों द्वारा मेरे खिलाफ दायर किए गए हैं।’

‘इस समय मैं मानहानि के 45 से अधिक मामलों का सामना कर रहा’

कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘इन 45 मामलों के बावजूद, मैं हर मौके पर यह कहना जारी रखता हूं कि नरेंद्र मोदी वोट चुराते हैं। फिर भी, विशेष रूप से इस दावे के लिए मेरे खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया है। क्या आप जानते हैं क्यों? क्योंकि उन्हें डर है कि अगर यह मामला अदालत में गया – विशेष रूप से वोटों की चोरी को लेकर – तो यह एक पूरी कानूनी प्रक्रिया को शुरू कर देगा, जिसमें वे खुद ही उलझ जाएंगे।’

‘रात में सो नहीं पाते ज्ञानेश कुमार, मोदी जी और अमित शाह को भी चैन नहीं’

चुनाव प्रणाली पर हमला जारी रखते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘दिल्ली में ज्ञानेश कुमार नाम के एक व्यक्ति हैं, वह रात को सो नहीं पाते, उन्हें चैन नहीं मिलता। न ही मोदी जी को चैन मिलता है और न अमित शाह को। वे अच्छी तरह जानते हैं कि देर-सबेर, कांग्रेस पार्टी उनसे हिसाब मांगेगी और न्याय सुनिश्चित करेगी।’

‘हम संविधान के रक्षक हैं, यह हमारा पवित्र कर्तव्य’

राहुल ने कार्यकर्ताओं से कहा, ‘हम संविधान के रक्षक हैं, यह हमारा पवित्र कर्तव्य है। वोट चुराकर उन्होंने संविधान पर हमला किया है और हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को न्याय का सामना करना पड़ेगा और उन्हें अपने कर्मों की कीमत चुकानी होगी।’

गोवा को बताया देश का सबसे भ्रष्ट राज्य

गोवा में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत राहुल गांधी ने प्रमोद सावंत की अगुआई वाली भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “यहां भयंकर भ्रष्टाचार है। असल में गोवा पूरे देश में सबसे भ्रष्ट राज्य हो सकता है। इन लोगों ने गोवा को भ्रष्टाचार का एक ‘मॉडल’ बना दिया है।”

कांग्रेस की ‘गोय राखण यात्रा‘ का समापन

जनसभा से पहले राहुल गांधी ने गोवा में पार्टी की ‘गोय राखण यात्रा’ (गोवा बचाओ यात्रा) के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वह दोपहर में डाबोलिम हवाई अड्डे पहुंचे और वहां से सीधे मडगांव में कार्यकर्ताओं और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल चले।

इस यात्रा में राहुल गांधी के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे, सह-प्रभारी डॉ. अंजली निंबालकर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यूरी अलेमाओ और गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडनकर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

2027 विधानसभा चुनाव पर नजर

यूरी अलेमाओ और गिरीश चोडनकर के नेतृत्व में 27 दिनों की लंबी ‘गोय राखण यात्रा’ बीते 22 सितम्बर को शुरू हुई थी। इस यात्रा के दौरान कांग्रेस ने तटीय राज्य गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों को कवर किया। पार्टी का कहना है कि यह अभियान गोवा की जमीन, पर्यावरण, सांस्कृतिक विरासत और उसकी अनूठी सामाजिक पहचान को बचाने का एक आंदोलन है। इस यात्रा के जरिए कांग्रेस अगले वर्ष गोवा विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने और सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने की तैयारी में है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular