लखनऊ, 17 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और मां कालरात्रि के दिव्य स्वरूप को नमन किया। उन्होंने कहा कि अधर्म, अत्याचार और आतंक का अंत ही न्याय, शांति तथा निर्भय समाज की स्थापना का आधार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को लेकर सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि मां कालरात्रि दुष्टों और आसुरी शक्तियों का संहार कर धर्म की स्थापना करती हैं तथा अपने भक्तों को अभय प्रदान करती हैं। उनका स्वरूप बुराई पर अच्छाई की विजय और अन्याय के अंत का संदेश देता है।
दुष्टों, असुरों और रक्तबीज जैसी तामसिक शक्तियों का संहार कर धर्म की स्थापना एवं भक्तों को अभय प्रदान करने वाली माँ कालरात्रि का दिव्य स्वरूप हमें संदेश देता है कि अधर्म, अत्याचार व आतंक का अंत ही न्याय, शांति एवं निर्भय समाज की स्थापना का आधार है।
वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में रक्तबीज रूपी माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक से उत्पन्न भय एवं अराजकता के अंधकार/वातावरण ने बहन-बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा व स्वावलंबन की राह में गंभीर बाधाएं खड़ी कर दी थीं।
विगत 9.5 वर्षों में डबल इंजन सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति ने इन आसुरी शक्तियों का दमन कर प्रदेश में कानून का राज एवं भयमुक्त वातावरण की स्थापना की है।
मिशन शक्ति, इंटीग्रेटेड 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों ने बहन-बेटियों के लिए घर की चौखट से लेकर सड़क, शिक्षण संस्थानों व कार्यस्थलों तक एक सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया है।
पुलिस रिस्पॉन्स टाइम का वर्ष 2016 के 65 मिनट से घटकर मात्र 5 मिनट रह जाना, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की तत्परता और महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
सुरक्षा के इसी विश्वास से प्रेरित होकर आज महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी निडर होकर कार्य कर रही हैं।
महिला श्रम बल भागीदारी का 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की नारी शक्ति, अर्थशक्ति बनकर उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई गति दे रही है।
कृषि, उद्योग, सेवा और उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में नारी शक्ति की बढ़ती भागीदारी ने प्रदेश की विकास यात्रा को नई ऊर्जा दी है। यही भागीदारी उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुई तीन गुनी वृद्धि की यात्रा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
जय माँ कालरात्रि।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 17, 2026
कानून-व्यवस्था को लेकर सीएम योगी का दावा
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए माफिया, दंगाइयों और अपराधियों के आतंक को लेकर विपक्षी शासनकाल पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति से कानून का राज स्थापित करने और भयमुक्त वातावरण बनाने में मदद मिली है।
महिला सुरक्षा के लिए इन पहलों का किया जिक्र
सीएम योगी ने महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, 1090 हेल्पलाइन, महिला बीट पुलिसिंग और सेफ सिटी परियोजना जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं के लिए घर, सड़क, शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस रिस्पॉन्स टाइम में सुधार का भी दावा किया। उनके मुताबिक, वर्ष 2016 में पुलिस के पहुंचने का औसत समय 65 मिनट था, जो घटकर करीब 5 मिनट रह गया है। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था की तत्परता और महिला सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
महिला श्रम बल भागीदारी बढ़ने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के प्रति बढ़े विश्वास के कारण महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। उन्होंने महिला श्रम बल भागीदारी 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक होने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
सीएम योगी के अनुसार, कृषि, उद्योग, सेवा क्षेत्र और उद्यमिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को गति दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश की जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय में हुई वृद्धि में नारी शक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है।


