नई दिल्ली, 13 जुलाई। दिल्ली के लाल किले के पास नवंबर 2025 में हुए कार धमाके को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की ताजा रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास हुए आतंकी हमले के लिए अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) को आधिकारिक तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। संयुक्त राष्ट्र की 38वीं Analytical Support and Sanctions Monitoring Team रिपोर्ट में AQIS की बढ़ती गतिविधियों और दक्षिण एशिया में उसके विस्तार को लेकर भी चिंता जताई गई है।
- छोटे और विकेंद्रीकृत सेल के जरिए काम कर रहा AQIS
UN रिपोर्ट के मुताबिक, AQIS अब एक बिखरे हुए आतंकी संगठन से विकसित होकर क्षेत्रीय आतंकी संगठन का रूप ले रहा है। संगठन ने अपने लॉजिस्टिक्स और वित्तीय नेटवर्क को मजबूत किया है और बड़े समूहों के बजाय छोटे तथा विकेंद्रीकृत सेल के जरिए गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया है। रिपोर्ट में यह भी चिंता जताई गई है कि AQIS बांग्लादेश में अपने ऑपरेशनल सेल स्थापित करने के लिए वहां की परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश कर सकता है।
- NIA की जांच में भी सामने आया था आतंकी मॉड्यूल
लाल किले के पास हुए धमाके की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) कर रही है। एजेंसी ने मई 2026 में इस मामले में 7,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। NIA के मुताबिक चार्जशीट में 588 गवाहों के बयान, 395 से अधिक दस्तावेज और 200 से ज्यादा जब्त सामग्री को शामिल किया गया था। जांच में सामने आया था कि आरोपियों का संबंध अल-कायदा से जुड़े अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) मॉड्यूल से था। NIA की जांच के दौरान दिल्ली, फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर में कई ठिकानों पर कार्रवाई भी की गई थी।
- विस्फोटक तैयार करने और परीक्षण का भी आरोप
NIA की चार्जशीट के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर विस्फोटक उपकरण तैयार करने और उनसे जुड़े प्रयोग करने की कोशिश की थी। जांच में जम्मू-कश्मीर के काजीगुंड के जंगल में रॉकेट जैसे IED के कथित परीक्षण का भी जिक्र सामने आया था। जांच एजेंसी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के कथित दुरुपयोग के पहलू की भी जांच की। आरोप है कि मॉड्यूल से जुड़े लोगों ने इंटरनेट प्लेटफॉर्म के जरिए विस्फोटक उपकरणों और आतंकी गतिविधियों से जुड़ी तकनीकी जानकारी हासिल करने की कोशिश की।
- हमले में गई थी 11 लोगों की जान
10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ था। इस हमले में 11 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। बाद की जांच में इसे आतंकी साजिश के तौर पर देखा गया और NIA ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की। अब UNSC की रिपोर्ट में AQIS को हमले के लिए आधिकारिक तौर पर जिम्मेदार बताए जाने के बाद दक्षिण एशिया में अल-कायदा से जुड़े संगठनों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।

