जम्मू, 16 जून। जम्मू के राजौरी जिले में मंगलवार को नियंत्रइ रेखा (LoC) के पास एक संदिग्ध धमाके में एक जूनियर कमीशंड अधिकारी सहित सेना के चार जवान घायल हो गए। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि सेना के तीन जवान और एक जेसीओ घायल हुए हैं। वहीं रहस्यमयी ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सैन्य अधिकारी ने कहा कि जल्द ही घटना की जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी। अधिकारी के अनुसार सेना के जवानों की एक टीम एलओसी के नौशेरा सेक्टर के फॉरवर्ड कलाल इलाके में पेट्रोलिंग पर थी, तभी यह घटना हुई।
घायल जवानों को आगे के इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया है। जम्मू में रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि घटना की जानकारी जल्द ही मीडिया के साथ शेयर की जाएगी। घटना की और जानकारी का इंतजार है।
नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया
दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे एक गांव के ऊपर पाकिस्तान की ओर से आए एक संदिग्ध ड्रोन को देखा गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार देर रात सुंदरबनी सेक्टर में एक ड्रोन जैसी वस्तु को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की ओर से भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए देखा गया, जिसमें से चमकती हुई लाइट दिखाई दे रही थी।
उन्होंने बताया कि यह संदिग्ध ड्रोन महादेव गैप और कलाल गांव के बीच कुछ देर तक मंडराने के बाद लौट गया। सुरक्षा बलों ने मंगलवार सुबह इलाके में तलाशी अभियान चलाया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं मादक पदार्थों या हथियारों जैसी किसी सामग्री को हवाई मार्ग से गिराया तो नहीं गया। तलाशी अभियान के दौरान हालांकि कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

