विश्व पर्यावरण दिवस पर सीएम योगी ने लगाया आम का पौधा, ‘एक पेड़ मां के नाम’ से दिया हरित संदेश
लखनऊ, 5 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत आम का पौधा रोपकर नागरिकों से प्रकृति संरक्षण की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो प्रकृति बचेगी, और प्रकृति बची तो जीव-जगत भी बचेगा। इसलिए हर व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाए।
उन्होंने “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” का उल्लेख करते हुए पर्यावरण रक्षा को सर्वोच्च राष्ट्रीय दायित्व बताया। दरअसल 2017 में सरकार बनने के बाद 5 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया था। बीते 9 सालों में प्रदेश में 242 करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए गए हैं, जिससे वन आच्छादन में बढ़ोतरी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आज पूरे प्रदेश में पौधरोपण महाभियान शुरू हुआ है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाकर मिट्टी के बर्तन को बढ़ावा दिया है। योगी ने कहा कि माटी कला बोर्ड की स्थापना के साथ कुम्हार समाज को अप्रैल से जून तक निशुल्क मिट्टी, मैन्युअल और सोलर-इलेक्ट्रिक चाक उपलब्ध कराए गए। जल संरक्षण के लिए बड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य की गई है।
कार्यक्रम में योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अभियान से जुड़कर पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें। इस मौके पर मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, केपी मलिक, बलदेव सिंह औलख, दानिश आजाद अंसारी सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
