सिंगापुर ओपन : पीवी सिंधु और सात्विक-चिराग ने जीत से की शुरुआत, आयुष शेट्टी सहित अन्य खिलाड़ी हारे
सिंगापुर, 26 मई। पूर्व चैम्पियन पी.वी. सिंधु ने मंगलवार को यहां सिंगापुर बैडमिंटन ओपन में सहज जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं युगल में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की ख्यातिनाम जोड़ी ने कठिन जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश किया। हालांकि आयुष शेट्टी सहित पहले दिन कोर्ट पर उतरे अन्य भारतीय शटलरों को पराजय झेलनी पड़ी।
सिंधु ने पांचवीं सीड इंडोनेशियाई कुसुमा को दी शिकस्त
बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में 12वें क्रम पर काबिज सिंधु ने सिंगापुर इनडोर स्टेडियम के कोर्ट नंबर दो पर खेले गए दिन के नौवें मैच में पांचवीं सीड इंडोनेशियाई पुत्री कुसुमा वर्दानी को 44 मिनट में 21-17, 21-18 से हराया। यहां 2022 में खिताब जीत चुकीं 30 वर्षीय सिंधु ने इसके साथ ही कुसुमा के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 3-3 बराबर कर लिया।
🔥 DAY 1 STARTS WITH A ROAR! 🇮🇳
PV Sindhu and SatChi smash their way into the next round with explosive opening victories at the Singapore Open 2026! 🏸✨
📸 @badmintonphoto pic.twitter.com/XboFkru9Ty
— BAI Media (@BAI_Media) May 26, 2026
सिंधु ने शुरुआती गेम में चार अंकों की बढ़त के साथ ही नियंत्रण बना लिया था। हालांकि उन्हें थोड़ी देर के लिए झटका लगा, लेकिन जल्द ही वापसी करते हुए स्कोर 16-16 से बराबर कर लिया और फिर लगातार पांच अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में हर अंक के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें सिंधु ने अहम मौकों पर बढ़त बनाई और अंततः सीधे गेमों में मैच जीत लिया। अब प्री-क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला जापान की रिको गुंजी से होगा।

सात्विक-चिराग को तीन गेमों तक करना पड़ा संघर्ष
चौथी सीड सात्विक-चिराग ने कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए गए दिन के 10वें मैच में चेन झी यी व प्रेस्ली स्मिथ की अमेरिकी टीम पर एक घंटा 15 मिनट तक खिंची कश्मकश में 26-28, 21-15, 21-13 से जीत हासिल की।
विश्व रैंकिंग में चौथे नंबर पर काबिज सात्विक-चिराग ने कड़े संघर्ष में सात गेम अंक बचाने के बावजूद शुरुआती गेम गंवा दिया। भारतीय जोड़ी ने जोरदार वापसी करते हुए मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचाया और फिर तीसरे गेम में अपना दबदबा बनाते हुए जीत हासिल की। राउंड ऑफ 16 में उनका मुकाबला चीनी ताइपे के ली झे-हुई और यांग पो-ह्सुआन से होगा।

आयुष कनाडाई विक्टर के खिलाफ कड़े संघर्ष में हारे
लेकिन पिछले वर्ष के अमेरिकी ओपन चैम्पियन 20 वर्षीय आयुष ने कोर्ट नंबर एक पर 65 मिनट तक खिंचे मुकाबले में विश्व नंबर 12 कनाडाई विक्टर लाई के खिलाफ अच्छी शुरुआत की और पहला गेम आसानी से 21-11 से जीत लिया। लेकिन विश्व नंबर 20 आयुष अपनी लय बरकरार नहीं रख सके और अंततः अगले दो गेम 14-21, 12-21 से हार गए।
