1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. थाईलैंड ओपन : सिंधु व लक्ष्य सेन का अभियान जारी, सात्विक-चिराग भी अंतिम 8 में
थाईलैंड ओपन : सिंधु व लक्ष्य सेन का अभियान जारी, सात्विक-चिराग भी अंतिम 8 में

थाईलैंड ओपन : सिंधु व लक्ष्य सेन का अभियान जारी, सात्विक-चिराग भी अंतिम 8 में

0
Social Share

बैंकॉक, 14 मई। पूर्व विश्व नंबर एक पीवी सिंधु और मौजूदा समय देश के शीर्षस्थ पुरुष शटलर लक्ष्य सेन ने गुरुवार को यहां सीधे गेमों में जीत के साथ पांच लाख डॉलर ईनामी थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की विश्व नंबर चार जोड़ी का पुरुष युगल में अभियान जारी है।

श्रीकांत की संघर्षपूर्ण हार, मालविका व देविका भी परास्त

लेकिन पुरुष एकल में पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत का अभियान संघर्षपूर्ण हार के साथ खत्म हो गया। दूसरी तरफ महिला एकल में मालविका बंसोड व देविका सिहाग को भी पूर्व क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

सिंधु के सामने अब टॉप सीड अकाने यामागुची

निमिबुत्र स्टेडियम के कोर्ट नंबर तीन पर दिन का दूसरा मैच खेलने उतरीं दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता व छठी वरीयता प्राप्त सिंधु ने महिला एकल के दूसरे दौर में डेनमार्क की अमेली शूल्ज को 28 मिनट में 21-13, 21-15 से हरा दिया। विश्व रैंकिंग में संप्रति 12वें नंबर पर काबिज 30 वर्षीय सिंधु का अब शीर्ष वरीयता प्राप्त व विश्व नंबर तीन जापानी अकाने यामागुची से सामना होगा।

लक्ष्य की अगली मुलाकात दूसरी सीड वितिदसर्न से होगी

उधर कोर्ट नंबर दो पर दिन का सातवां मैच खेलने उतरे सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने चीन के झू शुआन चेन को 39 मिनट में 21-12, 21-13 से मात दी। विश्व नंबर 11 सेन अब दूसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुंलावुत वितिदसर्न से खेलेंगे।

सात्विक-चिराग भी सीधे गेमों में जीत से आगे बढ़े

पुरुष युगल की बात करें तो सर्वोच्च वरीयता लेकर कोर्ट नंबर एक पर उतरे सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी को सीधे गेमों में ही जीत मिल गई। उन्होंने मलेशिया के ब्रायन जेरेमी और मुहम्मद हाइकल को 44 मिनट में 21-12, 21-19 से परास्त किया। भारतीय जोड़ी का अब छठी वरीयता प्राप्त जापानी ताकुमी नोमूरा व युइची शिमोगामी से मुकाबला होगा।

किदांबी तीन गेमों के संघर्ष में सू ली यांग से हारे

हालांकि विश्व रैंकिंग में 29वें नंबर पर जा खिसके किदांबी श्रीकांत कोर्ट नंबर दो पर चीनी ताइपे के विश्व नंबर 47 शटलर सू ली यांग के खिलाफ एक घंटा 10 मिनट तक खिंचे मुकाबले में 16-21, 21-11, 18-21 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

तीसरे दिन कोर्ट पर उतरीं भारत की दो अन्य खिलाड़ियों में इसी वर्ष थाईलैंड मास्टर्स सुपर 300 खिताब जीतने वालीं देविका सिहाग को जहां थाईलैंड की पिचामोन ओपात्निपुत ने 43 मिनट में 23-21, 21-11 से शिकस्त दी वहीं दूसरी सीड चीनी चेन यू फेई ने मालविका को 36 मिनट में 21-12, 21-7 से हराया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code