1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : गेंदबाजों ने बिखेरी चमक, गुजरात टाइटंस ने गत चैम्पियन RCB से चुकाया हिसाब
आईपीएल-19 : गेंदबाजों ने बिखेरी चमक, गुजरात टाइटंस ने गत चैम्पियन RCB से चुकाया हिसाब

आईपीएल-19 : गेंदबाजों ने बिखेरी चमक, गुजरात टाइटंस ने गत चैम्पियन RCB से चुकाया हिसाब

0
Social Share

अहमदाबाद, 30 अप्रैल। गुजरात टाइटंस (GT) के गेंदबाजों ने गुरुवार की रात यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम की अच्छी पिच पर चमक बिखेरी। इसका नतीजा यह हुआ कि मेजबानों ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के कम स्कोर वाले मुकाबले में 25 गेंदों के शेष रहते चार विकेट की जीत हासिल कर ली और गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों बीते रविवार (24 अप्रैल) को बेंगलुरु में मिली हार का हिसाब भी चुकता कर दिया।

होल्डर, अरशद व राशिद के सामने आरसीबी सत्र में पहली बार ऑल आउट

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य आरसीबी की मजबूत बल्लेबाजी पंक्ति ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जेसन होल्डर (2-29), अरशद खान (3-22) व राशिद खान (2-19) के सामने 19.2 ओवरों में सिर्फ 155 रनों पर सिमट गई। मौजूदा सत्र में यह पहला मौका था, जब रजत पाटीदार की टीम ऑल आउट हुई।

गिल व बटलर की शुरुआती तेजी से गुजरात की प्रभावी जीत

जवाब में कप्तान शुभमन गिल (43 रन, 18 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) व जोस बटलर (39 रन, 19 गेंद, चार छक्के, दो चौके) की शुरुआती तेजी के बाद अन्य बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों से टाइटंस ने 15.5 ओवरों में छह विकेट पर 158 रन बना लिए और प्रभावी जीत से अपने नेट रन रेट में भी सुधार कर लिया।

टाइटंस की पांचवीं जीत, आरसीबी की तीसरी हार

गुजरात टाइटंस की नौ मैचों में यह पांचवीं जीत थी और वह 10 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है। वहीं आरसीबी की नौ मैचों में यह तीसरी पराजय थी और वह 12 अंक लेकर शीर्षस्थ पंजाब किंग्स (आठ मैचों में 13 अंक) के बाद दूसरे स्थान पर कायम है। हालांकि सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के भी आरसीबी के बराबर 12-12 अंक हैं, लेकिन वे कमजोर नेट रन रेट के आधार पर क्रमशः तीसरे व चौथे स्थान पर हैं।

साई-गिल और बटलर-सुंदर की तेज भागीदारियां

टाइटंस की बल्लेबाजी देखें तो कमजोर लक्ष्य के सामने साई सुदर्शन (छह रन, एक चौका) के साथ गिल ने तेज शुरुआत की और 18 गेंदों पर ही 42 रन जुड़ गए। इस दौरान गिल ने दूसरे ओवर में जोश हेजलवुड के खिलाफ दो छक्के व तीन चौके सहित 24 रन उड़ा दिए। लेकिन तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर भुवनेश्वर कुमार (3-28) ने साई को लौटा दिया। फिर इसी गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में गिल को भी पचासा पूरा करने से रोका। लेकिन बटलर ने वॉशिंगटन सुंदर (12 रन, 12 गेंद, एक छक्का) संग 15 गेंदों पर 35 रन ठोक दिए।

तेवतिया ने होल्डर व राशिद संग मिलकर जीत पक्की की

बटलर को भी भुवी ने अपना तीसरा शिकार बनाया तो रोमारियो शेफर्ड (2-30) ने एम. शाहरूख खान (आठ रन, एक चौका) व सुंदर को 11वें ओवर में निबटा दिया। (5-111)। फिलहाल ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ राहुल तेवतिया (नाबाद 27 रन, 17 गेंद, चार चौके) ने कोई घबराहट नहीं दिखाई और होल्डर (12 रन, 10 गेंद, एक छक्का) व राशिद खान (नाबाद सात रन, एक चौका) संग मिलकर दल की जीत पक्की कर दी।

विराट व पडिक्कल की तेजी के बाद आरसीबी के बल्लेबाज पस्त

इसके पूर्व आरसीबी की पारी में देवदत्त पडिक्कल (40 रन, 24 गेंद, दो छक्के, पांच चौके) व विराट कोहली (28 रन, 13 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) ने शुरुआती तेजी दिखाई। इस क्रम में विराट ने दूसरे ही ओवर में कगिसो रबाडा पर लगातार पांच चौके सहित 21 रन तोड़ दिए। लेकिन बाद के बल्लेबाज विपक्षी गेंदबाजों का मजबूती से सामना नहीं कर सके।

पडिक्कल व पाटीदार के बीच 44 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी

तीसरे ही ओवर में मो. सिराज (1-38) ने जहां ओपनर जैकब बेथल (पांच रन, एक चौका) को चलता कर दिया तो अगले ओवर में रबाडा (1-44) ने विराट को मायूस किया। नए बल्लेबाज रजत पाटीदार (19 रन, 15 गेंद, एक छक्का, दो चौके) संग पडिक्कल ने 26 गेंदों पर 44 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी की। लेकिन आठवें ओवर में अरशद ने पाटीदार को आउट कर गेट खोला तो फिर लाइन ही लग गई।

स्कोर कार्ड

बाद में रोमारियो शेफर्ड (17 रन, 15 गेंद, दो छक्के), वेंकटेश अय्यर (12 रन, 15 गेंद, एक चौका) व भुवी (नाबाद 15 रन,15 गेंद, दो चौके) दहाई में पहुंच सके। होल्डर ने दो विकेट लेने के अलावा तीन कैच भी पकड़े और जरूरत के वक्त तेवतिया संग 20 गेंदों पर 30 रनों की उपयोगी भागीदारी भी की, जिसकी वजह से वह ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के हकदार बने।

शुक्रवार का मैच : राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (जयपुर, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code