IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील : आदित्य बिरला ग्रुप के नेतृत्व वाला समूह 1.78 अरब डॉलर में RCB के अधिग्रहण को तैयार

बेंगलुरु, 24 मार्च। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास की सबसे बड़ी डील की खबर सामने आई है। यह आईपीएल की एक फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) जुड़ी से जुड़ी है। इस क्रम में यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) ने मंगलवार को घोषणा की कि उसने आरसीबी को आदित्य बिरला ग्रुप, द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन के एक गठजोड़ को 16,660 करोड़ रुपये (1.78 अरब डॉलर) के नकद सौदे में बेच दिया है।

सूत्रों के अनुसार, इस समूह ने यूएसएल के साथ फ्रेंचाइजी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने का समझौता कर लिया है। इस सौदे में आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमों को शामिल किया गया है।

एबीजी के निदेशक आर्यमान विक्रम बिड़ला आरसीबी के चेयरमैन होंगे

यूएसएल, ब्रिटेन की डियाजियो की सहायक कम्पनी है और वह अब आरसीबी से बाहर निकलना चाहती है क्योंकि यह टीम उनके मुख्य व्यवसाय का हिस्सा नहीं थी। समझौते के तहत एबीजी के निदेशक आर्यमान विक्रम बिड़ला को आरसीबी का चेयरमैन (प्रमुख) बनाया जाएगा जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया के सत्यन गजवानी उनके उप प्रमुख होंगे।

इस सौदे को बीसीसीई व आईपीएल संचालन समिति से मंजूरी मिलनी शेष

इस सौदे को हालांकि अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और आईपीएल संचालन समिति के साथ-साथ महिला प्रीमियर लीग और भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से औपचारिक मंजूरी मिलनी बाकी है। आरसीबी को खरीदने की दौड़ में टाइम्स इंटरनेट के नेतृत्व वाला कंसोर्टियम, एबीजी और आर्सेलर मित्तल के सीईओ आदित्य मित्तल के नेतृत्व वाला मित्तल परिवार भी शामिल था।

काल सोमानी ने 1.6 बिलियन डॉलर में राजस्थान रॉयल्स को खरीदा

गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका स्थित काल सोमानी के नेतृत्व वाले समूह ने राजस्थान रॉयल्स को 1.63 अरब डॉलर में खरीदा। राजस्थान रॉयल्स टीम के मौजूदा शेयरहोल्डर काल सोमानी ने इस फ्रेंचाइजी को अपने अधिग्रहण में ले लिया है। टाइम्स ग्रुप, जो इस दौड़ में शामिल था, बोली लगाने की रेस में दूसरे नंबर पर रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सौदा करीब 15,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा में हुआ है।

सोमानी एक ऐसे ग्रुप की अगुआई करेंगे, जिसमें वॉलमार्ट भी शामिल है। उनके ग्रुप ने रॉयल्स में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है। रॉयल्स आईपीएल की शुरुआती आठ फ्रेंचाइज़ियों में से एक है। उम्मीद है कि 2026 सीजन के बाद वह यूनाइटेड किंगडम में रहने वाले मनोज बदाले (इमर्जिंग मीडिया) से टीम की कमान संभाल लेंगे।

एरिजोना के स्कॉट्सडेल के रहने वाले काल सोमानी 50 वर्ष से ज्यादा उम्र के हैं। क्रिकेट के अलावा उनकी दिलचस्पी गोल्फ में भी है। वह ‘मोटर सिटी गोल्फ क्लब’ के संस्थापकों में से एक हैं। इस क्लब का दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स के साथ जुड़ाव है। उनके बेटे अर्जुन सोमानी US जूनियर सर्किट में एक उभरती हुई प्रतिभा हैं। सोमानी की दिलचस्पी पढ़ाई-लिखाई से लेकर खेल-कूद तक कई क्षेत्रों में है। वे कई कम्पनियों के संस्थापक भी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular