1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. AI समिट के दौरान प्रदर्शन पर सियासी तूफान : भाजपा संसदीय समिति ने प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को बताया मास्टरमाइंड
AI समिट के दौरान प्रदर्शन पर सियासी तूफान : भाजपा संसदीय समिति ने प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को बताया मास्टरमाइंड

AI समिट के दौरान प्रदर्शन पर सियासी तूफान : भाजपा संसदीय समिति ने प्रस्ताव पारित कर राहुल गांधी को बताया मास्टरमाइंड

0
Social Share

नई दिल्ली, 24 फरवरी। राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में पिछले सप्ताह आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस की ओर से शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने अपनी बैठक में इस घटना को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया। संचार और सूचना प्रौद्योगिकी की स्थायी समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने 20 फरवरी, 2026 को हुई इस घटना की निंदा करते हुए इसकी जानकारी दी।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह एआई इम्पैक्ट समिट में भारतीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्ट उतारकर किए गए प्रदर्शन के मास्टरमाइंड कांग्रेस नेता राहुल गांधी थे। केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने जोर देकर कहा कि कानून का लंबा हाथ जल्द ही उस ‘बदमाश’ तक पहुंचेगा, जिसने पर्दे के पीछे से भारत को बदनाम करने के लिए अराजक घटना की साजिश रची थी।

भाजपा की यह प्रतिक्रिया दिल्ली की एक अदालत द्वारा एआई इम्पैक्ट समिट स्थल पर शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने के संबंध में भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजे जाने के बाद आई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि कांग्रेस की युवा शाखा ने राहुल गांधी के इशारे पर एआई समिट में विरोध प्रदर्शन किया था।

गौरतलब है कि भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने पिछले शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान नाटकीय रूप से शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। वे सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे छपे टी-शर्ट लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें वहां से हटा दिया गया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चिब समेत भारतीय युवा कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code