महाराष्ट्र निकाय चुनाव में महायुति की जीत से पीएम मोदी प्रफुल्लित, बोले – विकास के साथ मजबूती से खड़ा है महाराष्ट्र

नई दिल्ली, 21 दिसम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और उसके नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को समर्थन देने के लिए महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह जनकेंद्रित विकास में उनके विश्वास को दर्शाता है।

महाराष्ट्र की जनता को दिया धन्यवाद

पीएम मोदी ने रविवार की शाम ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘महाराष्ट्र विकास के साथ मजबूती से खड़ा है। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव में भाजपा और महायुति को आशीर्वाद देने के लिए महाराष्ट्र की जनता का आभारी हूं। यह जनकेंद्रित विकास के हमारे दृष्टिकोण में विश्वास को दर्शाता है। हम राज्यभर के प्रत्येक नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ उन्होंने जमीनी स्तर पर किए गए अथक परिश्रम के लिए भाजपा और महायुति के पदाधिकारियों की भी सराहना की।

भाजपा के खाते में सबसे अधिक 118 सीटें

महाराष्ट्र निकाय चुनाव में कुल 288 सीटों पर हुए चुनाव में महायुति ने 214 सीटों पर कब्जा किया। इनमें भाजपा सर्वाधिक 118 सीटें लेकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। वहीं, महायुति के अन्य दो सहयोगी दलों में एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 59 और एनसीपी (अजित पवार) ने 37 सीटें हासिल की हैं। दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) 49 सीटों पर सिमट गया। इनमें कांग्रेस को 32, शिवसेना (उबाठा) को नौ और शरद पवार की एनसीपी को आठ सीटों से संतोष करना पड़ा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular