बिहार चुनाव : भाजपा ने जारी की दूसरी लिस्ट, मैथिली ठाकुर और आनंद मिश्रा सहित 12 नामों की घोषणा
पटना, 15 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपनी दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी। इनमें अलीनगर से लोक गायिका मैथिली ठाकुर और बक्सर सीट से पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा सहित कुल 12 उम्मीदवार शामिल हैं। पार्टी ने इसके पहले मंगलवार को अपने कोटे की 101 सीटों में से 71 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की थी। इस प्रकार भाजपा के अब तक 83 उम्मीदवारों के नाम सामने आ चुके हैं।
भाजपा की दूसरी सूची में अलीनगर से मैथिली ठाकुर, हायाघाट से राम चंद्र प्रसाद, मुजफ्फरपुर से रंजन कुमार, गोपालगंज से सुभाष सिंह, बनियापुर से केदार नाथ सिंह, छपरा से छोटी कुमारी, सोनपुर से विनय कुमार सिंह, रोसड़ा से बीरेंद्र कुमार, बाढ़ से डॉ. सियाराम सिंह, अगिआंव से महेश पासवान, शाहपुर से राकेश ओझा और बक्सर से आनंद मिश्रा (IPS ) को उम्मीदवार बनाया गया है।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव 2025 के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/KD9I48r8Sj
— BJP (@BJP4India) October 15, 2025
बक्सर की लड़ाई में आनंद मिश्रा की एंट्री
देखा जाए तो बक्सर की लड़ाई हमेशा से दिलचस्प होती रही है। बक्सर विधानसभा सीट को लेकर भाजपा के अंदर संग्राम मचा था। एक ओर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे अपने चहेते को टिकट दिलाना चाह रहे थे तो दूसरी तरफ आधे दर्जन कार्यकर्ताओं ने दावा ठोक रखा था। फिलहाल केंद्रीय नेतृत्व ने बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा को उम्मीदवारी दे दी।
मैथिली एक दिन पहले ही भाजपा में हुई थीं शामिल
वहीं मैथिली ठाकुर की बात करें तो वह मंगलवार को भाजपा में शामिल हुई हैं। भाजपा की जब पहली लिस्ट जारी हुई थी, उसमें दरभंगा की सभी सीटों की घोषणा हुई थी, लेकिन अलीनगर का नाम इसमें नहीं था। चूंकि भाजपा ने बेनीपट्टी से विनोद नारयण झा को उम्मीदवार बनाया था, ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि मैथिली ही अलीनगर से उम्मीदवार बनेंगी। आखिरकार उनके नाम पर मुहर लग गई।
सिटिंग MLA ज्ञानेंद्र सिंह का टिकट भी कटा
फिलहाल बाढ़ से विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू का टिकट भी कट गया है। यहां से डॉ. सियाराम सिंह को जगह दी गई है। जब कल 71 नामों की घोषणा हुई थी, तब भी कुछ विधायकों का पत्ता कट गया था।
