शपथ लेने के बाद बोले सीएम फडणवीस – ‘विपक्ष की आवाज नहीं दबाएंगे, इस बार टेस्ट मैच जैसी पारी’

मुंबई, 5 दिसम्बर। महाराष्ट्र में तीसरी बार मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार की शाम भव्य समारोह में अपने दो नायबों – एकनाथ शिंदे व अजित पवार संग शपथ ग्रहण करने के बाद पहली मीडिया कॉन्फ्रेंस में कहा कि यदि विपक्ष कोई वाजिब मुद्दा लाता है तो उनकी आवाज नहीं दबाई जाएगा। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि इस बार टेस्ट मैच जैसी पारी देखने को मिलेगी और सही समय पर सही निर्णय लिए जाएंगे।

राज्य में जो योजनाएं चल रही हैं, वे यथावत जारी रखी जाएंगी

मुख्यमंत्री फडणवीस शपथ ग्रहण के बाद सचिवालय पहुंचे और कैबिनेट बैठक ली। इसके बाद उन्होंने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, ‘महाराष्ट्र सामाजिक, बुनियादी ढांचे, औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। जो योजनाएं चल रही हैं, उन्हें जारी रखा जाएगा। किसी भी योजना को बंद नहीं किया जाएगा। हम विपक्ष की आवाज को दबाने में यकीन नहीं रखते हैं, भले ही उनका संख्याबल कम है। लेकिन यदि वो सही मुद्दे को लाते हैं तो उनकी आवाज सुनी जाएगी।’

शिंदे की तारीफ में बोले – ‘हमारे रोल भले ही अलग, लेकिन मंजिल एक

फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्ववर्ती सीएम एकनाथ शिंदे की जमकर तारीफ करते हुए कहा, ‘हमारे रोल भले ही चेंज हुए हैं, लेकिन दिशा और मंजिल एक ही है।’ उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि हमने महाराष्ट्र की जनता से जो वादे किए हैं, वो पूरी ताकत से पूरे किए जाएंगे।

शीतकालीन सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार, ज्यादा बदलाव की संभावना कम

सीएम ने कैबिनेट विस्तार के सवाल पर कहा, ‘मैं नहीं मानता कि शपथ ग्रहण में देरी हुई है। 7-9 दिसम्बर तक महाराष्ट्र विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान स्पीकर का चुनाव हो जाएगा। वहीं, शीतकालीन सत्र से पहले कैबिनेट विस्तार कर लिया जाएगा। हम नागपुर अधिवेशन शुरू होने से पहले ही पोर्टफोलियो का काम पूरा कर लेंगे। नए मंत्रिमंडल में ज्यादा बदलाव की संभावना कम है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular