यूपी उपचुनाव में NDA के नवनिर्वाचित विधायकों ने ली शपथ, ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का संकल्प दोहराया

लखनऊ, 29 नवम्बर। यूपी विधानसभा की नौ रिक्त सीटों पर बीते दिनों हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सात नवनिर्वाचित विधायकों ने शुक्रवार को शपथ ग्रहण कर लिया। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सभी विजयी उम्मीदवारों को शपथ दिलाई। समारोह में उपस्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव निर्वाचित विधायकों को शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण करने वाले नवनिर्वाचित विधायकों में कुंदरकी से रामवीर सिंह, फूलपुर से दीपक पटेल, खैर से सुरेंद्र सिंह, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, कटेहरी से धर्मराज निषाद, मझवां से सुचिस्मिता मौर्य (सभी भाजपा) और मीरापुर से रालोद की मिथलेश पाल शामिल हैं। इन सभी विधायकों ने जनता के विश्वास और समर्थन का धन्यवाद करते हुए अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। सभी ने एक स्वर में ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को दोहराया और मोदी-योगी के नेतृत्व के प्रति अपनी निष्ठा जताई।

विधानसभा अध्यक्ष महाना ने विधायकों को जनता की सेवा का दिलाया संकल्प

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद नवनिर्वाचित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा, ‘उत्तर प्रदेश विधानसभा का सदस्य होना गौरव की बात है। जनता की सेवा का अवसर आपको मिला है। मुख्यमंत्री के कार्यों को लेकर यदि जनता के बीच में जाएं तो हर बार जीत आपको मिलेगी। आपके पास ढाई साल का समय है, उसे जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा व्यतीत करें। इसके साथ ही आपकी उपस्थिति विधानसभा में भी दिखनी चाहिए। यहां आपकी परफॉर्मेस ही जनता के बीच आपकी सक्रियता के संदेश के रूप में जाएगी।’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा, ‘निश्चित रूप से यूपी की जनता का धन्यवाद करता हूं कि हमको ये ऐतिहासिक जीत मिली। यह सामान्य जीत नहीं है। कटेहरी और कुंदरकी जैसी सीटों पर हमको जीत मिली है, जहां हम कभी नहीं जीते थे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि कुंदरकी में एकतरफा हवा रामवीर सिंह के लिए चल रही थी। गाजियाबाद में केवल 33 पर्सेंट वोट पड़ा, लेकिन सारा भाजपा को मिला। उन्होंने सभी विधायकों की तारीफ की।

2027 में हम समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी बना देंगे – केशव मौर्य

केशव मौर्य ने नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘आप सभी लोगों ने इस जीत के साथ 2027 का झंडा अभी से बुलंद कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन बार जनसभाएं की हैं। संगठन का बहुत बड़ा सहयोग रहा है। वर्ष 2027 में हम समाजवादी पार्टी को समाप्तवादी पार्टी बना देंगे। यह फर्जी PDA की हार है। यह राष्ट्रवाद की जीत है। हरियाणा से लेकर महाराष्ट्र तक हर ओर कमल का फूल खिल गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना सहित मंत्रीगण और विधायकगण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular