Ratan Tata: वे सच्चे अर्थों में देश के रत्न थे… रतन टाटा के निधन पर सीएम योगी और ममता बनर्जी समेत इन नेताओं ने जताया दुख, जानें किसने क्या कहा…

लखनऊ। भारत के दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार देर रात मुंबई के कैंडी ब्रीच अस्पताल में निधन हो गया। रतन टाटा ने 86 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। रतना टाटा के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक दिग्गजों के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियों ने ट्वीट कर शोक प्रकट किया। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी ट्वीट कर दुख जताया है।

मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ट्वीट कर कहा, ‘भारत के प्रख्यात उद्योगपति ‘पद्म विभूषण’ श्री रतन टाटा जी का निधन अत्यंत दुखद है। वह भारतीय उद्योग जगत के महानायक थे। उनका जाना उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका सम्पूर्ण जीवन देश के औद्योगिक और सामाजिक विकास को समर्पित था। वे सच्चे अर्थों में देश के रत्न थे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा उनके शोकाकुल परिजनों और प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शांति।’

ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और इसे भारतीय व्यापार तथा समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उनका निधन भारतीय व्यापार जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।’’

एम. के स्टालिन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के स्टालिन ने टाटा को भारतीय उद्योग जगत का सच्चा रत्न और विनम्रता एवं करुणा का प्रतीक बताया। स्टालिन ने कहा, ‘‘उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने न केवल टाटा समूह को आकार दिया, बल्कि नैतिक व्यावसायिक प्रथाओं के लिए एक वैश्विक मानदंड भी स्थापित किया। राष्ट्र निर्माण, नवाचार और परोपकार के प्रति उनके अथक समर्पण ने लाखों लोगों के जीवन पर अमिट छाप छोड़ी है।’’

केशव मौर्य

यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ट्वीट कर कहा, ” विश्व के प्रसिद्ध उद्योगपति, टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन श्री रतन टाटा जी के निधन की सूचना अत्यंत दु:खद है! देश के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण एवं औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाने वाले रतन टाटा जी का आकस्मिक निधन औद्योगिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति:”।

ब्रजेश पाठक

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ट्वीट कर कहा, ”विश्व के प्रख्यात उद्योगपति, टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन श्री रतन टाटा जी का  निधन अत्यंत दु:खद व देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति:”।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular