हरियाणा विधानसभा चुनाव : भाजपा ने जारी की 67 उम्मीदवारों की पहली सूची, लाडवा से लड़ेंगे सीएम सैनी

चंडीगढ़, 4 सितम्बर। हरियाणा विधानसभा चुनाव के निमित्त सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार की रात 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा में पांच अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे जबकि वोटों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

अनिल विज को अंबाला कैंट से टिकट दिया गया

भाजपा की पहली सूची के अनुसार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस बार करनाल के बजाय लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा अनिल विज को अंबाला कैंट से टिकट दिया गया है जबकि गुड़गांव से मुकेश शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।

सैनी ने सीएम बनने के बाद करनाल विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी

उल्लेखनीय है कि नायब सिंह सैनी जब गत मार्च में हरियाणा के मुख्यमंत्री बने थे, तब वह विधायक नहीं, बल्कि करनाल लोकसभा सीट से सांसद थे। उस समय सीएम पद से इस्तीफा देने वाले मनोहर लाल खट्टर ने करनाल विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। सैनी इसी सीट से जीतकर विधायक बने, लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें करनाल विधानसभा के बजाय लाडवा से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है।

हरियाणा में 5 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट

ज्ञातव्य है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जम्मू-कश्मीर के तीसरे चरण के साथ हरियाणा में इकलौते चरण यानी एक अक्टूबर को वोटिंग होनी थी। लेकिन गत शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग ने जम्मू-कश्मीर में तीसरे चरण के साथ हरियाणा में मतदान की तारीख बदलकर पांच अक्टूबर कर दी। जम्मू-कश्मीर में पहले दो चरणों के मतदान क्रमशः 18 व 25 सितम्बर को होने हैं। दोनों राज्यों में मतगणना आठ अक्टूबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular