छत्तीसगढ़ के कोरबा में जंगली हाथियों का तांडव, हमले में दो महिलाओं की मौत

कोरबा,9 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत हो गई। जंगली हाथी ने बृहस्पतिवार सुबह एक अन्य महिला की जान ली थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत खैरभवना गांव में जंगली हाथी के हमले में दो महिलाओं तीजकुंवर (63) और सूरुजा (43) की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि कोरबा वनमंडल के करतला वन परिक्षेत्र में तीन दिन पहले आठ हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसमें से एक हाथी अपने झुंड से अलग हो गया। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात वह हाथी रलिया गांव पहुंचा और उसने बृहस्पतिवार सुबह सैर पर निकली गायत्री राठौर (55) को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि महिला पर हमले के बाद जंगली हाथी वहां से तीन किलोमीटर दूर खोडरी गांव पहुंचा और पांच मवेशियों को मार डाला।

इसके बाद वह रात लगभग 10 बजे खैरभवना गांव पहुंचा और हाथी आने की सूचना पर जान बचाकर भाग रही तीजकुंवर और सूरुजा की जान ले ली। कटघोरा वन मंडल के अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि मृतकों के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि 25-25 हजार रुपए प्रदान किए गए हैं। शेष राशि औपचारिकता पूरी होने के बाद दी जाएगी।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी के इधर-उधर भागने और खेतों तथा आबादी क्षेत्र में जाने के कारण उसे करंट लगने का खतरा बना रहता है। हाथी को करंट से बचाने के लिए क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई थी। उन्होंने बताया कि जंगली हाथी को कोरबा जिले की सीमा से निकाला जा चुका है। उस पर नजर रखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular