1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. राष्ट्रपति मुर्मू व पीएम मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को दीं रंगोत्सव की शुभकामनाएं
राष्ट्रपति मुर्मू व पीएम मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को दीं रंगोत्सव की शुभकामनाएं

राष्ट्रपति मुर्मू व पीएम मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को दीं रंगोत्सव की शुभकामनाएं

0
Social Share

नई दिल्ली, 25 मार्च। रंगों से सराबोर खुशियों और उल्लास के  त्योहार होली की देशभर में धूम है। सोमवार को सुबह से ही शहरों से लेकर गांवों तक सड़कों व गलियों में उत्साही युवाओं की टोलियां एक-दूसरे को रंग-गुलाल से सराबोर करती दिखीं। इसी क्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने देशवासियों को रंगोत्सव की शुभकामनाएं दी हैं।

राष्ट्रपति भवन के X हैंडल पर द्रौपदी मुर्मू ने लिखा, ‘सभी देशवासियों को उमंग और उत्साह के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। समरसता और सद्भाव का यह त्योहार भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। मेरी मंगल कामना है कि रंगों का यह उत्सव देशवासियों में प्रेम और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत करे तथा सबके जीवन में सुख-समृद्धि का संचार करे।’

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए X पर पोस्ट किया, ‘रंगों के त्यौहार होली के उल्लासमय अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। होली हमारे लिए अपने बंधनों को फिर से जीवंत करने और वसंत के आगमन का स्वागत करने का एक अवसर है। यह जीवन के उत्सव का प्रतीक है। होली के रंग हमारे जीवन को खुशियों, आशा और सद्भाव से भर दें।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होली की शुभकामनाएं देशवासियों को दी। उन्होंने X पर लिखा, ‘देश के मेरे सभी परिवारजनों को होली की अनेकानेक शुभकामनाएं। स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए X पर लिखा, ‘सभी देशवासियों को रंग व हर्षोल्लास के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। खुशियों का यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में समृद्धि व सद्भाव का रंग लाए और नई ऊर्जा के संचार का माध्यम बने।’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘होली के पर्व की आप सभी को अनंत शुभकामनाएं। रंगों का यह त्योहार आपके जीवन में उल्लास, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार करे।’

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘उत्साह, उमंग और उल्लास का पावन पर्व होली की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मैं कामना करता हूं कि रंगों का यह पावन उत्सव सभी के जीवन को आपसी स्नेह, समरसता व सद्भावना से परिपूर्ण करे।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code