शिवराज चौहान ने राहुल गांधी पर साधा निशाना – ‘कांग्रेस देश की समस्या और कांग्रेस की समस्या राहुल’

भोपाल, 25 मार्च। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर हुए निशाना साधते हुए कहा कि वह आज मुंह पर ताला लगाने की ‘नौटंकी’ कर रहे हैं, कांग्रेस आज देश के लिए समस्या है एवं कांग्रेस की समस्या राहुल गांधी हैं।

शिवराज ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस के लोग आज मुंह पर ताला लगा के बैठे हैं। राहुल गांधी ने अपने मुंह पर ताला तब क्यों नहीं लगाया, जब वे अपने मुंह से मोदी जाति के बारे में अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को किसने हक दिया, पिछड़ा वर्ग का अपमान करने का। क्या पिछड़े वर्ग का होना पाप है। वे अपने आप को राजा-महाराजा से कम नहीं समझते। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंह पर ताला उस समय लगाना था जब उन्होंने न्यायपालिका का अपमान किया। वे क्या क्या बोलते हैं, सुन कर आश्चर्य होता है।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के संदर्भ में कहा कि स्वयं को दुर्भाग्य से सांसद बता कर उन्होंने संसद का अपमान किया। लोकसभा सदस्य रहते हुए संसद में कुछ कह कर जिस तरह से आंख मारी, क्या वो सांसद की गरिमा थी। वे पहले भी विवादित बयान देते रहे हैं। पंजाब और यूपी के युवाओं का मजाक बनाया। मंदिर में जाने वालों को छेड़खानी करने वाला बताया। सर्जिकल स्ट्राइल और सेना का अपमान किया, और तो और अध्यादेश फाड़ कर अपने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का भी अपमान किया। उस समय मुंह पर ताला क्यों नहीं लगाया।

RELATED ARTICLES

Most Popular