‘सोशल मीडिया इंफ्लूएंशर’ सपना गिल ने अदालत से कहा – ‘पृथ्वी शॉ ने मुझे पीटा’

मुंबई, 17 फरवरी। सेल्फी लेने को लेकर भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने के आरोप में गिरफ्तार की गईं ‘सोशल मीडिया इंफ्लूएंशर’ सपना गिल ने शुक्रवार को यहां अदालत में दावा किया कि दरअसल यह शॉ ही थे, जिन्होंने उस पर प्रहार किया। सपना ने कहा कि शॉ ने उससे माफी मांगी और पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराने की गुजारिश की।

सपना को 20 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया

गिल को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था और आज अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 20 फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। बुधवार को उपनगरीय क्षेत्र शांताक्रुज के एक शानदार होटल के बाहर जब शॉ ने गिल के साथ शेल्फी लेने से इनकार कर दिया, तब दोनों पक्षों के बीच यह घटना घटी थी।

हिरासत में सुनवाई के दौरान गिल ने अनुरोध किया कि उसे इस घटना के संबंध में अपना पक्ष रखने दिया जाए, जिसे मजिस्ट्रेट ने मान लिया। गिल ने कहा कि उसके विरुद्ध लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। उसने कहा, ‘उसने (शॉ ने) मुझे छाती एवं बांह पर मारा। हम वहां बस पुलिस की मदद लेने के लिए थे। वे आठ से दस लोग थे और हम बस दो लोग थे।’

शॉ को मैं नहीं जानती और न ही सेल्फी के लिए कहा

गिल ने दावा किया कि शॉ और उनके दोस्तों ने उससे पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराने की गुजारिश की और ‘सॉरी’ भी कहा। इस दावे के बारे में कि, जब उसने शॉ के साथ सेल्फी का अनुरोध किया तब यह घटना घटी, गिल ने कहा, ‘मैं उन्हें नहीं जानती न ही मैंने उन्हें कभी देखा है। मैंने उनसे कभी सेल्फी खिंचाने के लिए नहीं कहा।’ उसने इस आरोप से भी इनकार किया कि उसने मामला रफा-दफा करने के लिए 50, 000 रुपये मांगे।

गिल ने दावा किया, ‘वह पूरी तरह नशे में थे। वह थाने के सामने थे। वह तभी प्राथमिकी दर्ज करा सकते थे, लेकिन वह नशे में थे, इसलिए उन्होंने बाद में ऐसा करने की सोची।’ गिल के अनुसार शॉ के पहुंचने से पहले वह और उनके दोस्त होटल के ‘वीआईपी लॉउंज’ में पार्टी कर रहे थे। शॉ अपने एक व्यापारी मित्र के साथ होटल में खाना खाने गए थे, तब यह घटना घटी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular