आईपीएल नीलामी : अंग्रेज हरफनमौला सैम करन बने आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी, पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड 18.50 करोड़ में खरीदा

कोच्चि, 23 दिसम्बर। इंग्लैंड के युवा हरफनमौला क्रिकेटर सैम करन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। सैम करन के लिए फ्रेंचाइजी के बीच आपस में काफी होड़ दिखी। आखिरकार पंजाब किंग्स ने उन्हें 18.50 करोड़ की बड़ी रिकॉर्ड बोली में खरीद लिया। करन की बेस प्राइस दो करोड़ रुपये थी। ऐसे में उन पर जमकर पैसा बरसा है।

कैमरन ग्रीन पर भी बरसा पैसा, मुंबई इंडियंस ने 17.5 करोड़ में खरीदा

ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन पर भी जमकर पैसा बरसा। मुंबई इंडियंस ने ग्रीन को 17.5 करोड़ रुपये में खरीदा। ऐसे में वह सैम करन के बाद आईपीएल नीलामी के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हो गए हैं। मुंबई इंडियंस को ऐसे भी कीरोन पोलार्ड के संन्यास के बाद ऐसे खिलाड़ी कि जरूरत थी, जो गेंद और बल्ले से कमाल कर सके।

बेन स्टोक्स अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे

इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का भी जलवा बरकरार है। आईपीएल 2023 के लिए वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। लखनऊ और सनराइजर्स हैदराबाद में स्टोक्स को लेकर जमकर टक्कर देखने को मिली। आखिर में चेन्नई ने 16.25 करोड़ में उन्हें खरीद लिया।

हैरी ब्रूक 13.25 करोड़ में बिके, विलयिम्सन गुजरात टाइटंस में शामिल

इससे पहले इंग्लैंड के ही हरफनमौला खिलाड़ी हैरी ब्रूक पर भी बड़ी बोली लगी। उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने 13.25 करोड़ रुपये में खरीदा। वहीं पूर्व कीवी कप्तान केन विलिय्म्सन को गुजरात टाइटंस ने दो करोड़ में खरीदा। विलियम्सन को सनराइजर्स हैदराबाद ने रिलीज किया था।

मयंक अग्रवाल को सनराइजर्स ने 8.25 करोड़ में खरीदा

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो मयंक अग्रवाल को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने 8.25 करोड़ में खरीदा। मयंक पर सनराइजर्स के अलावा पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स ने भी बोली लगाई थी।

वहीं, अजिंक्य रहाणे को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने उनकी बेस प्राइस 50 लाख में खरीद लिया। रहाणे इससे पहले पिछले सीजन में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। मिनी ऑक्शन में रहाणे पर चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा और किसी टीम ने बोली नहीं लगाई।

87 स्थानों के लिए कुल 405 खिलाड़ियों की बोली लगाई जानी है

गौरतलब है कि आईपीएल में 87 स्थानों के लिए 405 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी। कुल 405 खिलाड़ियों में से 273 खिलाड़ी भारत के और 132 खिलाड़ी विदेशों के हैं। इनमें एसोसिएट देशों के चार खिलाड़ी भी शामिल हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स के पास जहां सबसे कम 7.2 करोड़ रुपये ही बचे हुए हैं वहीं सनराइजर्स हैदराबाद के पास सर्वाधिक 43.25 करोड़ रुपये और 13 स्थान खाली हैं। पंजाब किंग्स के पास 32.20 करोड़ रुपए की धनराशि बची है। चेन्नई सुपर किंग्स (20.45 करोड़ रुपये), लखनऊ सुपर जाइंट्स (23.35 करोड़ रुपये), मुंबई इंडियंस (20.55 करोड़ रुपये), दिल्ली कैपिटल्स (19.45 करोड़ रुपये) और गत चैंपियन गुजरात टाइटन्स (19.25 करोड़ रुपये) के पास भी अच्छी खासी रकम है।

RELATED ARTICLES

Most Popular