बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : पैरा टेबल टेनिस में भारत ने रचा इतिहास, भाविना पटेल को स्वर्ण पदक

बर्मिंघम, 7 अगस्त। 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में स्पर्धाओं का नौवां दिन भारत के लिए बेहद खास रहा और उसके एथलीटों ने चार स्वर्ण सहित कुल 14 पदक जीते। इस क्रम में पहलवानों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत कुश्ती में जहां तीन स्वर्ण पदक मिले वहीं पैरा टेबल टेनिस में भारत ने इतिहास रच दिया, जब स्टार पैरा पैडलर भाविना हसमुखभाई पटेल ने स्वर्णिम सफलता अर्जित की। भारत की झोली में यह पैरा टेबल टेनिस का पहला और कुल 13वां स्वर्ण पदक था।

भाविना ने नाइजीरियाई स्पर्धी को सीधे गेमों में मात दी

पिछले वर्ष टोक्यो पैरालंपिक में ऐतिहासिक रजत पदक जीतकर अपनी पहचान बनाने वालीं 35 वर्षीया भाविना ने पैरा टेबिल टेनिस के क्लास 3-5 फाइनल में नाइजीरियाई क्रिस्टियाना इकपेयोई को 3-0 से हराकर के खिताब अपने नाम किया। पहले और आखिरी गेम में नाइजीरियाई खिलाड़ी ने जरूर थोड़ा चुनौती पेश की, लेकिन अंतत में भाविना ने बिना कोई गेम गंवाए 12-10, 11-2, 11-9 से जीत के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

सोनलबेन मनुभाई पटेल ने जीता कांस्य पदक

इसके पूर्व 34 वर्षीया सोनलबेन मनुभाई पटेल ने इसी वर्ग के कांस्य पदक प्ले-ऑफ में इंग्लैंड की सू बेली को 11-5, 11-2, 11-3 से हराया। हालांकि पुरुष एकल वर्ग 3-5 के कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में राज अरविंदन अलागर को नाइजीरिया के इसाउ ओगुनकुनले से 3-11, 6-11, 9-11 से शिकस्त मिली।

भारत ने नौवें दिन 4 स्वर्ण सहित 14 पदक जीते

वस्तुतः भारत ने स्पर्धाओं के नौवें दिन चार स्वर्ण सहित कुल 14 पदक जीते। इस क्रम में पदक तालिका में पांचवें स्थान पर काबिज भारतीय दल के खाते में अब 13 स्वर्ण, 11 रजत और 16 कांस्य सहित कुल 40 पदक आ चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular