आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी खत्म : केएल राहुल इस सत्र के सबसे महंगे खिलाड़ी

बेंगलुरु, 13 फरवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की सर्वाधिक कमाऊ परियोजना यानी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 की दो दिवसीय मेगा नीलामी रविवार को यहां होटल आईटीसी गार्डेनिया में खत्म हो गई। इस दौरान सभी 10 फ्रेंचाइजी टीमों ने अपनी रणनीति के मुताबिक खिलाड़ियों की खरीदारी की। इसके साथ यह भी तय हो गया कि आईपीएल 2022 सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी कौन होंगे।

राहुल ने धोनी, कोहली व रोहित शर्मा को भी पछाड़ा

मेगा नीलामी पर एक नजर दौड़ाएं तो ओवरऑल आईपीएल में भारतीय टीम के उप कप्तान और दमदार बल्लेबाज के.एल. राहुल सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले सीजन तक पंजाब किंग्स की कप्तानी करने वाले राहुल ने टीम का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद लखनऊ सुपर जॉएंट्स (एलएसजी) ने उन्हें 17 करोड़ रुपये में अपनी टीम में नीलामी से पहले ही ड्राफ्ट के जरिए शामिल कर लिया था। सबसे महंगे खिलाड़ी के मामले में राहुल ने विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा को भी पीछे छोड़ दिया है।

रोहित, पंत और जडेजा दूसरे नंबर पर

राहुल के बाद दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान रोहित शर्मा, दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कप्तान ऋषभ पंत और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के हरफनमौला रवींद्र जडेजा हैं। इन तीनों को उनकी टीम ने 16-16 करोड़ रुपये में रिटेन किया।

नीलामी में सबसे महंगे बिके ईशान किशन व दीपक चाहर

यदि मेगा नीलामी की बात करें तो इसमें झारखंड के युवा ओपनर ईशान किशन सबसे महंगे बिके। उन्हें उनकी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस ने ही 15.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल कर लिया। उनके बाद दूसरे नंबर पर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर दीपक चाहर रहे। उन्हें भी उनकी पुरानी टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने 14 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा।

सबसे महंगे खिलाड़ियों की टीमवार सूची

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी)

  • विराट कोहली – 15 करोड़ (रिटेन)।
  • ग्लेन मैक्सवेल – 11 करोड़ (रिटेन)।
  • हर्षल पटेल – 10.75 करोड़।
  • वानिंदु हसारंगा – 10.75 करोड़।

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर)

  • श्रेयस अय्यर – 12.25 करोड़।
  • आंद्रे रसेल – 12 करोड़ (रिटेन)।

पंजाब किंग्स (पीबीकेएस)

  • मयंक अग्रवाल – 12 करोड़  (रिटेन)।
  • लिएम लिविंगस्टोन – 11.50 करोड़।

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके)

  • रवींद्र जडेजा – 16 करोड़  (रिटेन)।
  • दीपक चाहर – 14 करोड़।
  • एमएस धोनी – 12 करोड़ (रिटेन)।

दिल्ली कैपिटल्स (डीसी)

  • ऋषभ पंत -16 करोड़ (रिटेन)।
  • शार्दुल ठाकुर – 10.75 करोड़।

राजस्थान रॉयल्स (आरआर)

  • संजू सैमसन – 14 करोड़ (रिटेन)।
  • जोस बटलर – 10 करोड़ (रिटेन)।
  • प्रसिद्ध कृष्णा – 10 करोड़।

मुंबई इंडियंस (एमआई)

  • रोहित शर्मा – 16 करोड़ (रिटेन)।
  • ईशान किशन – 15.25 करोड़।
  • जसप्रीत बुमराह – 12 करोड़ (रिटेन)।

सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच)

  • केन विलियम्सन – 14 करोड़ (रिटेन)।
  • निकोलस पूरन – 10.75 करोड़।

लखनऊ सुपर जॉएंट्स (एलएसजी)

  • के.एल. राहुल – 17 करोड़ (रिटेन)।
  • आवेश खान – 10 करोड़।

गुजरात टाइटंस (जीटी)

  • हार्दिक पांड्या – 15 करोड़ (रिटेन)।
  • राशिद खान – 15 करोड़ (रिटेन)।
  • लॉकी फर्ग्यूसन – 10 करोड़।
RELATED ARTICLES

Most Popular