पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सहवाग की बहन अंजू आम आदमी पार्टी में शामिल, लड़ सकती हैं नगर निगम चुनाव

नई दिल्ली, 31 दिसंबर। टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की बहन अंजू सहवाग आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गई हैं। ‘आप’ के राष्ट्रीय महासचिव पंकज गुप्त और विधायक सोमनाथ भारती ने शुक्रवार को अंजू को ‘आप’ की सदस्यता दिलाई। अंजू इससे पहले दक्षिणी दिल्ली के मदनगीर इलाके से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद रह चुकी हैं।

आम आदमी पार्टी की ओर से एक ट्वीट में कहा गया, ‘पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग जी की बहन अंजू सहवाग जी आज अरविंद केजरीवाल  सरकार की जनहित योजनाओं से प्रेरित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं। AAP राष्ट्रीय महासचिव पंकज गुप्त और एमएलए सोमनाथ भारती ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।’

अंजू बोलीं – केजरीवाल की नीतियां मुझे पसंद

आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद अंजू ने कहा कि उन्हें केजरीवाल की नीतियां पसंद हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे पूरी मेहनत से निभाएंगी।

ज्ञातव्य है कि 2022 में दिल्ली नगर निगम के चुनाव भी प्रस्तावित हैं। माना जा रहा कि केजरीवाल की पार्टी अंजू को बड़ी भूमिका दे सकती है। अंजू हिन्दी और समाजशास्त्र की अध्यापक भी रह चुकी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular