भारत में कोरोना संकट : 214 दिनों में सबसे कम 18,166 नए संक्रमित, रिकवरी रेट 98 फीसदी

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भले ही अक्टूबर-नवम्बर में कोविड-19 की तीसरी लहर आने की आशंका व्यक्त की है। फिलहाल त्यौहारी सत्र के दौरान कोरोना संक्रमण का फैलाव लगातार कम हो रहा है। इसी क्रम में बीते 40 घंटे के दौरान देश में 18,166 नए मामले सामने आए। नए संक्रमितों की यह संख्या पिछले 214 दिनों में सबसे कम रही और स्वस्थ होने वालों की दर यानी रिकवरी रेट बढ़कर लगभग 98 फीसदी (97.99%) तक जा पहुंचा है, जो मार्च, 2020 के बाद से अपने उच्चतम स्तर पर चल रहा है।

इलाजरत मरीजों की संख्या 208 दिनों में न्यूनतम

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी नई बुलेटिन के अनुसार शनिवार को 23,624 रोगी स्वस्थ हुए तो 214 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में 5,672 की कमी के बाद नौ अक्टूबर तक देश में 0.68 फीसदी की दर से 2,30,971 सक्रिय मामले थे। देश में इलाजरत मरीजों की यह संख्या पिछले 208 दिनों में सबसे कम है।

मंत्रालय के अनुसार देश में मौजूदा साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर 1.57 प्रतिशत है, जो  पिछले 107 दिनों से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है। इसी प्रकार दैनिक पॉजिटिविटी दर 1.42 प्रतिशत है, जो पिछले 41 दिनों से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है।

केरल में नए मामलों की संख्या 10 हजार से नीचे गिरी

हाल के महीनों में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में नए संक्रमितों की संख्या 10 हजार से नीचे 9,470 दर्ज की गई। बीते 24 घंटे के दौरान 101 कोरोना मरीजों की मौत हुई तो 12,881 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। शनिवार तक राज्य में 1,13,725 मरीजों की इलाज चल रहा था। केरल के अलावा चार अन्य राज्यों – महाराष्ट्र (36,600), तमिलनाडु (16,252), मिजोरम (15,635) और कर्नाटक (10,424) में सक्रिय मामलों की संख्या 10 हजार से ऊपर है।

टीकाकरण का आंकड़ा 94.70 करोड़ तक पहुंचा

इस बीच राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत 267 दिनों में वैक्सीन ले चुके लोगों की संख्या 94.70 करोड़ तक जा पहुंची है। दूसरी तरफ आईसीएमआर के अऩुसार नौ अक्टूबर तक कुल 58.25 करोड़ लोगों के सैम्पल की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 9 अक्टूबर, 2021 के कोविड आंकड़ों पर एक नजर –

24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 18,166

24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 23,624

24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 214

अब तक कुल संक्रमित : 3,39,53,475

अब तक कुल स्वस्थ : 3,32,71,915

रिकवरी दर : 97.99%

अब तक कुल मौतें : 4,50,589

मृत्यु दर : 1.33%

इलाजरत मरीज : 2,30,971 (दैनिक गिरावट 5,672)        

सक्रियता दर : 0.68%

24 घंटे के दौरान टीकाकरण : 66,85,415

267 दिनों में कुल टीकाकरण  : 94,70,10,175

24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 12,83,212

अब तक कुल सैम्पल की जांच : 58,25,95,593.

RELATED ARTICLES

Most Popular