Site icon hindi.revoi.in

कोयंबटूर सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत, कई घायल… पीएम मोदी और खड़गे ने जताया शोक

Social Share

नई दिल्ली, 18 अप्रैल। तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित वालपराई में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। केरल के मलप्पुरम जिले से आए पर्यटकों का एक ग्रुप का मिनी ट्रैवलर वैन पोल्लाची-वालपराई घाट रोड के 13वें हेयरपिन मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शोक जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई दुर्घटना के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों।”

मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया है, “कोयंबटूर में हुए दुखद सड़क हादसे से मैं बेहद आहत हूं, जिसमें एक वैन के खाई में गिर जाने से केरल के नौ पर्यटकों की जान चली गई। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए मेरी प्रार्थनाएं। यह त्रासदी एक बार फिर इस बात पर जोर देती है कि सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय अपनाना कितना जरूरी है। अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा और सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए।”

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, त्रिशूर की तरफ से आ रही ट्रैवलर वैन अनियंत्रित होकर गार्ड रेल से टकरा गई और आठवें हेयरपिन मोड़ की ओर तेजी से नीचे गिर गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को पोलाची के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

गौरतलब है कि पोलची-वालपराई मार्ग अपनी ऊबड़-खाबड़ जमीन और 40 से अधिक तीखे मोड़ों के लिए जाना जाता है, जिससे यह चालकों के लिए एक चुनौतीपूर्ण मार्ग बन जाता है। केरल के मुख्यमंत्री पिनारयी विजयन ने मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। केरल राज्य पुलिस प्रमुख रेवदा चंद्रशेखर ने कहा कि वह तमिलनाडु के अपने समकक्ष के साथ लगातार संपर्क में हैं। पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।

Exit mobile version