Site icon hindi.revoi.in

जिम्बाब्वे ने टी20 में सर्वोच्च स्कोर का बनाया नया विश्व रिकॉर्ड, सिकंदर रजा की तूफानी शतकीय पारी

Social Share

नैरोबी, 23 अक्टूबर। जिम्बाब्वे ने बुधवार को यहां कप्तान सिकंदर रजा (नाबाद 133 रन, 43 गेंद, 15 छक्के, सात चौके) की अगुआई में बल्लेबाजों की तूफानी पारियों की मदद से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर का नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर दिया। कीर्तिमानों की झड़ी के बीच अफ्रीकी देश ने भारत और नेपाल, दोनों को पीछे छोड़ दिया।

जिम्बाब्वे ने चार विकेट पर ठोक दिए 344 रन

दरअसल, यह कारनामा रुराका स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर देखने को मिला, जहां आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप सब रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर ग्रुप बी 2024 मैच खेला गया। जिम्बाब्वे ने इस मैच में गाम्बिया के खिलाफ निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट गंवाकर 344 रन बनाए और फिर गाम्बिया को 14.4 ओवरों में 54 रनों पर बिखेरने के साथ 290 रनों की भारी भरकम जीत का एक अन्य कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

सिकंदर सहित 4 बल्लेबाजों ने बनाया 50+ का स्कोर

जिम्बाब्वे के लिए न सिर्फ कप्तान सिकंदर रजा ने 15 छक्कों वाली रिकॉर्डतोड़ शतकीय पारी खेली वरन अन्य बल्लेबाजों ने टीम के विश्व रिकॉर्ड में अहम भूमिका निभाई। इनमें विकेटकीपर तड़िवनाशे मारुमानी (62 रन, 19 गेंद, चार छक्के, नौ चौके), क्लाइव मडांडे (नाबाद 53 रन, 17 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) व ब्रायन बेनेट (50 रन, 26 गेंद, एक छक्का, सात चौके) के अर्धशतकीय प्रहार उल्लेखनीय रहे।

पारी में कुल 27 छक्के जड़े गए, रजा व मंडाडे ने 40 गेंदों पर जोड़े 141 रन

जिम्बाब्वे की पारी में सिकंदर के 15 सहित कुल 27 छक्के, लगे और इससे नेपाल के 26 छक्कों का रिकॉर्ड टूट गया। वहीं रजा व मडांडे ने पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों पर 141 रनों की अटूट साझेदारी करने के साथ टीम को विश्व रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाया। गाम्बिया के मूसा जोबारतेह चार ओवरों में 93 रन लुटा कर सबसे महंगे गेंदबाज बने। इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में श्रीलंका के कसुन राजिथा ने चार ओवरों में 75 रन दिए थे।

रजा ने तीव्रतम शतक के मामले में रोहित शर्मा व डेविड मिलर को पछाड़ा

जिम्बाब्वे की ओर से T20I में शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर सिकंदर ने सिर्फ 33 गेंदों पर अपना शतक पूरा कर लिया था। उन्होंने तीव्रतम शतक के मामले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और दक्षिण अफ्रीकी डेविड मिलर को भी पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 35-35 गेंदों पर शतक हैं। रजा अब भारतीय मूल के एस्तोनियाई साहिल चौहान से पीछे हैं, जिनके नाम टी20 इंटरनेशनल मैचों में तीव्रतम शतक का ओवरऑल विश्व रिकॉर्ड है। साहिल ने इसी वर्ष जून में साइप्रस के खिलाफ सिर्फ 27 गेंदों पर शतक ठोक दिया था।

स्कोर कार्ड

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाम्बिया की हालत शुरू से पतली नजर आई। आंद्रे जार्जू (नाबाद 12) को छोड़कर कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। जिम्बाब्वे ने T20I में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है, जो पहले नेपाल के खाते में था। नेपाल ने मंगोलिया के विरुद्द 273 रनों से जीत हासिल की थी।

सर्वोच्च स्कोर के मामले में नेपाल व भारत पीछे छूट गए

जिम्बाब्वे से पहले T20I में सर्वोच्च योग का रिकॉर्ड नेपाल के नाम था। नेपाल ने सितम्बर 2023 में मंगोलिया के खिलाफ तीन विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए थे। हालांकि नेपाल आईसीसी का पूर्ण सदस्य देश नहीं है। वहीं पूर्ण सदस्य देशों की बात करें तो T20I में सबसे सर्वोच्च योग का रिकॉर्ड भारत के खाते में था, जो हाल ही में बना। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने गत 12 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में 6 विकेट खोकर 297 रन जोड़े थे। कुल मिलाकर देखें तो भारत अब सर्वोच्च T20I स्कोर की लिस्ट में तीसरे नंबर पर खिसक गया है।

T20I में सबसे बड़ा टीम स्कोर

Exit mobile version