Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : जिम्बाब्वे का एक और उलटफेर, ऑस्ट्रेलिया के बाद श्रीलंका को भी दी पटखनी

Social Share

कोलंबो, 19 फरवरी। जिम्बाब्वे ने यहां ICC टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रारंभिक लीग चरण में एक और उलटफेर किया, जब उसने ऑस्ट्रेलिया के बाद संयुक्त मेजबान श्रीलंका को भी तीन गेंदों के शेष रहते छह विकेट से पटखनी दे दी और अपराजेय रहते हुए पांच टीमों के ग्रुप बी में अपने अभियान का समापन किया।

पथुम के पचासे पर बेनेट व सिकंदर की पारियां भारी पड़ीं

आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरे श्रीलंका ने ओपनर पथुम निसांका के अर्धशतक (62 रन, 41 गेंद, आठ चौके) की मदद से सात विकेट पर 178 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे ने ओपनर ब्रायन बेनेट के अर्धशतक (नाबाद 63 रन, 48 गेंद, आठ चौके) व कप्तान सिकंदर रजा (45 रन, 26 गेंद, चार छक्के, दो चौके) की आक्रामक पारी से 19.3 ओवरों में चार विकेट पर 182 रन बना लिए।

जिम्बाब्वे ग्रुप बी में शीर्षस्थ

हालांकि श्रीलंका और जिम्बाब्वे ने पहले ही ग्रुप से सुपर 8 में जगह सुरक्षित कर ली थी। लेकिन इस मैच में श्रीलंका (छह अंक) का भी अजेय क्रम टूट गया और जिम्बाब्वे सात अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गया।

बेनेट ने मारुमानी व रजा संग जोड़े 69-69 रन

चुनौतीपूर्ण लक्ष्य के सामने बेनेट व टी. मारुमानी (34 रन,  26 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) ने पहले विकेट पर 69 रन जोड़े। नौवें ओवर में मारुमानी के लौटने के बाद रियान बर्ल (23 रन, 12 गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने बेनेट का साथ दिया। अंत में सिकंदर रजा व बेनेट के बीच 69 रनों की भागीदारी आ गई।

स्कोर कार्ड

हालांकि ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रजा भी 19वें ओवर में लौट गए। लेकिन बेनेट व टोनी मुनियोंगा (नाबाद आठ रन, तीन गेंद, एक छक्का) दल को मंजिल दिलाकर नाबाद लौटे। आखिरी ओवर में जिम्बाब्वे को आठ रन चाहिए थे और मुनियोंगा ने तीक्षणा को छक्का लगाकर जिम्बाब्वे खेमे में खुशी का संचार कर दिया। दुशान हेमंता ने दो विकेट लिए।

निसांका व कुसल परेरा ने तेज 54 रन जोड़े

इससे पहले श्रीलंकाई पारी में सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (22) और पिछले मैच के शतकवीर पथुम निसांका ने 4.5 ओवरों में 54 रनों की तेज साझेदारी की। श्रीलंका ने पावरप्ले में एक विकेट पर 61 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे के स्पिनर्स ने रनगति पर ब्रेक लगा दिया।

गनीमत रही कि पवन रत्नायके (44 रन, 25 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) ने बाद में तेज हाथ दिखाए और आखिरी दो ओवरों में 30 रन आ गए। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजाराबानी, ब्रैड इवांस व ग्रीएम क्रेमर ने आपस में छह विकेट बांटे।

वेस्टइंडीज ग्रुप सी में अपराजेय, ग्रुप डी में अफगानिस्तान की दूसरी जीत

दिन के दो अन्य मैचों में वेस्टइंडीज ने कोलकाता में इटली को 42 रनों से हराकर अजेय रहते हुए अधिकतम आठ अंकों के साथ ग्रुप सी का समापन किया। वहीं सुपर 8 का टिकट पाने से वंचित रह गए अफगानिस्तान ने ग्रुप डी में चेन्नई में कनाडा को 82 रनों हराकर दूसरी जीत दर्ज की। कनाडा को अपने चारों मैच गंवाने पड़े।

Exit mobile version