कीव, 8 अप्रैल। रूस व यूक्रेन के बीच लगभग सवा तीन वर्षों से जारी युद्ध के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया है कि यूक्रेनी सेना रूस के बेलगोरोद क्षेत्र में सक्रिय है।
उल्लेखनीय है कि बेलगोरोद यूक्रेन की सीमा से लगा हुआ क्षेत्र है। जेलेंस्की ने कहा, ‘दुश्मन (रूस) की सीमा पर स्थित क्षेत्रों में हमारा ऑपरेशन जारी है। ये बिल्कुल सही है।’ रूस ने वर्ष 2022 के फरवरी में यूक्रेन पर आक्रमण किया था। इसके बाद से ही दोनों देशों में लड़ाई जारी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी यूक्रेन व रूस के बीच युद्धविराम का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन अब तक वह सफल नहीं हुए हैं.
फिलहाल रूस के लिए यह बहुत बड़ा झटका है। पिछले माह ही रूसी सेना ने कहा था कि यूक्रेन ने बेलगोरोद क्षेत्र में घुसपैठ करने की कोशिश की थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं होने दिया। लेकिन रूस के बयान के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि बेलगोरोद में यूक्रेनी सैनिकों की मौजूदगी हो सकती है। यदि यूक्रेनी सैनिकों ने बेलगोरोद पर नियंत्रण कर लिया तो ये रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।
जेलेंस्की ने सोमवार को कुर्स्क और बेलगोरोद में यूक्रेनी सैन्य काररवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि ‘हम दुश्मन के इलाके में सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अभियान चला रहे हैं और यह बिल्कुल उचित है। युद्ध को वहीं लौटना चाहिए, जहां से वह शुरू हुआ था।’
यूक्रेनी राष्ट्रपति का यह बयान रणनीति के लिहाज से काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है क्योंकि 2022 में युद्ध की शुरुआत के बाद से यह पहली बार है, जब उन्होंने इस क्षेत्र में सैनिकों की मौजूदगी का जिक्र किया है। यह बयान रूस की घरेलू सुरक्षा को चुनौती देने और पुतिन प्रशासन को रणनीतिक दबाव में डालने की एक कोशिश भी मानी जा रही है।
पिछले माह ही रूसी सेना ने पुष्टि की थी कि यूक्रेनी सेना ने बेलगोरोद में जमीनी हमले शुरू किए हैं। डीपस्टेट मिलिट्री ब्लॉग ने, जिसके बारे में माना जाता है कि उसका यूक्रेन की सेना से करीबी संबंध है, अपनी रिपोर्ट में बताया है कि यूक्रेनी सैनिकों ने डेमिडोव्का के सीमावर्ती गांव के पास रूसी क्षेत्र में 13 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।

