Site icon Revoi.in

राष्ट्रपति चुनाव के लिए यशवंत सिन्हा ने दाखिल किया नामांकन, राहुल व शरद पवार समेत कई नेता दिखे साथ

Social Share

नई दिल्ली, 27 जून। राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने आज अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन दाखिल करने पहुंचे सिन्हा के साथ कई बड़े विपक्षी नेता भी दिखे। बता दें कि सिन्हा को टीआरएस पार्टी ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन देने का फैसला किया है।

यशवंत सिन्हा के नामांकन के दौरान विपक्ष अपना शक्ति प्रदर्शन करने से नहीं चूका।

नामांकन के समय उन्हें समर्थन जताने के लिए एनसीपी नेता शरद पवार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और एसपी नेता अखिलेश यादव मौजूद रहे।

इस दौरान सिन्हा का नाम सबके सामने रखने वालीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी साथ नहीं रहीं। ममता राज्य में व्यस्त कार्यक्रमों के चलते वहां नहीं आ पाईं।

विपक्ष के समर्थन की बात करें तो लगभग सभी विपक्षी दल यशवंत सिन्हा के समर्थन में खड़े हैं। हालांकि बसपा प्रमुख मायावती, बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने किनारा कर लिया है।

दूसरी ओर झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन और और वाइएसआर कांग्रेस के जगनमोहन रेड्डी ने फिलहाल अपना समर्थन किसी को नहीं दर्शाया है।

बता दें कि यशवंत सिन्हा का मुकाबला एनडीए उम्‍मीदवार द्रौपदी मुर्मू से है। मुर्मू को कई विपक्षी पार्टियों का भी साथ मिला है। इस सूची में मायावती की बीएसपी और नवीन पटनायक की बीजद शामिल है। आंकड़ों को देखें तो मुर्मू का पलड़ा अभी से ही भारी दिख रहा है।