Site icon Revoi.in

पेरिस ओलम्पिक : पहलवान अमन सहरावत सेमीफाइनल में हारे, अब कांस्य के लिए करेंगे मुकाबला, अंशू की चुनौती खत्म

Social Share

पेरिस, 8 अगस्त। एशियाई चैम्पियन भारतीय पहलवान अमन सहरावत पेरिस ओलम्पिक खेलों में गुरुवार को पुरुषों के 57 किग्रा फ्रीस्टाइल सेमीफाइनल मुकाबले में जापान के री हिगुची के हाथों 0-10 से हार गए। हालांकि, ओलम्पिक के अपने पहले ही प्रवेश में दो शुरुआती मुकाबले जीतने वाले सहरावत सेमीफाइनल में हार के बावजूद पदक जीत सकते हैं। वह रेपेचेज पहलवानों में से एक के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में हिस्सा लेंगे।

जापानी मल्ल हिगुची का तनिक भी सामना नहीं कर सके अमन

चैंप-डी-मार्स एरिना में देर शाम 21 वर्षीय अमन सेमीफाइनल बाउट में हिगुची शुरुआत का तनिक भी मुकाबला नहीं कर सके। रियो 2016 के रजत पदक विजेता हिगुची ने से ही मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया। उन्होंने अपने पहले अटैक में चार अंक बनाए और लगातार पहले पीरियड में अंक बढ़ाते रहे।

अंततः यह मुकाबला महज दो मिनट और 14 सेकेंड में खत्म हो गया। पूर्व विश्व चैम्पियन और पिछले वर्ष विश्व चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता हिगुची का अब शुक्रवार को स्वर्ण पदक मुकाबले में अमेरिका के स्पेंसर रिचर्ड ली से सामना होगा।

अमन ने लगातार दो बाउट जीतकर सेमीफाइनल में बनाई थी जगह

इसके पूर्व अमन ने दिन में तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर लगातार दो मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। अमन ने पहले राउंड ऑफ 16 में पूर्व यूरोपीय स्वर्ण पदक विजेता नॉर्थ मैसेडोनिया के व्लादिमीर एगोरोव के खिलाफ 10-0 से जीत हासिल की। भारतीय मल्ल ने उसके बाद क्वार्टरफाइनल में अल्बानिया के पूर्व विश्व चैंपियन जेलिमखान अबकारोव को 12-0 से हराया।

अंशू मलिक रेपेचेज में जगह नहीं बना सकीं

उधर महिलाओं की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल राउंड ऑफ 16 बाउट में अंशू मलिक अमेरिका की हेलेन लुइस मारौलिस से हार गईं। हालांकि, यदि मारौलिस फाइनल में पहुंच जाती तो अंशू को रेपेचेज राउंड के जरिए से कांस्य पदक के लिए कुश्ती लड़ने का मौका मिलता।

मारौलिस ने अपना क्वार्टरफाइनल मुकाबला जीता, लेकिन सेमीफाइनल में जापान की त्सुगुमी सकुराई से हार गईं। मारौलिस अब शुक्रवार को कांस्य पदक मुकाबले में हिस्सा लेंगी। इससे चलते पेरिस 2024 अंशू मलिक का अभियान समाप्त हो गया।

गोल्फ : दूसरे दिन अदिति T14 पर रहीं, दीक्षा सात स्थान नीचे खिसकीं

गोल्फ कोर्स में जारी महिलाओं की गोल्फ स्पर्धा में भारत की अदिति अशोक ने जहां T14 पर रहते हुए दूसरे दिन का समापन किया वहीं दीक्षा डागर सात स्थान नीचे खिसक गईं। अदिति ने दूसरे राउंड में 1-अंडर 71 का स्कोर दर्ज किया, जो उनके पहले राउंड के इवेन पार स्कोर से बेहतर है। हालांकि, दीक्षा डागर का स्कोर दूसरे दिन भी बराबर रहा और वह स्टैंडिंग में सात स्थान नीचे खिसक गईं।

ले गोल्फ नेशनल में 18-होल कोर्स के लिए पार 72 तय किया गया है। भारतीय जोड़ी दूसरे दौर के बाद 143 के कुल स्कोर के साथ 14वें स्थान पर है। लेडीज यूरोपियन टूर की दो बार की विजेता स्विट्जरलैंड की मॉर्गन मेट्रोक्स 8-अंडर 136 के स्कोर के साथ शीर्ष परहैं। तीसरा राउंड शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे से शुरू होगा।