Site icon hindi.revoi.in

आपको क्या चाहिए?… ‘अखिलेश का ल्यारी राज या धुरंधर सीएम’, यूपी चुनाव से पहले लखनऊ में छिड़ा पोस्टर वॉर

Social Share

लखनऊ , 7 अप्रैल। उत्तर प्रदेश की राजनीति में इन दिनों एक फिल्म के बहाने सियासी जंग तेज हो गई है। ‘धुरंधर’ थीम पर लगे पोस्टरों ने राजधानी लखनऊ में राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित संगठनों द्वारा लगाए गए इन होर्डिंग्स के जरिए मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला गया है। राजधानी के प्रमुख चौराहों और वीवीआईपी इलाकों में लगे इन पोस्टरों में एक ओर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ ‘ल्यारी राज’ लिखा गया है, जबकि दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर सीएम’ के रूप में प्रस्तुत किया गया है। पोस्टर में सवाल पूछा गया है, “आपको क्या चाहिए।”

इन होर्डिंग्स को ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नामक समूह के बैनर तले लगाया गया है। पोस्टरों में सपा शासनकाल के दौरान मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में हुए दंगों का जिक्र करते हुए विपक्ष को घेरने की कोशिश की गई है। वहीं, योगी सरकार के दौरान अपराधियों पर हुई कार्रवाई को प्रमुखता से दिखाया गया है। पोस्टरों में माफिया पर हुई कार्रवाई को दर्शाते हुए अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और मुकीम काला जैसे अपराधियों के अंत से जुड़ी खबरों की कटिंग भी लगाई गई हैं, जिससे संदेश दिया जा रहा है कि वर्तमान सरकार अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में प्रस्तावित है। पिछले दो चुनावों (2017 और 2022) में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला और योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद संभाला। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी समाजवादी पार्टी दोनों ने अभी से रणनीतिक मोर्चेबंदी शुरू कर दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में पोस्टर वॉर, बयानबाजी और जनसभाओं के जरिए यह सियासी टकराव और तेज हो सकता है।

Exit mobile version